Lucknow News: पूर्व आईएएस अफसर की पत्नी की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

Lucknow News: इंदिरानगर में रहने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी देवेंद्र नाथ दुबे शनिवार सुबह जब गोल्फ खेलने के बाद घर वापस लौटे तो घर का दरवाजा खुला हुआ मिला।

Update: 2024-05-25 06:12 GMT

लखनऊ में पूर्व आईएएस अफसर देवेंद्र नाथ दुबे की पत्नी की हत्या (न्यूजट्रैक)

Lucknow News: राजधानी के बेहद पॉश इलाके इंदिरानगर में शनिवार को पूर्व आईएएस की पत्नी का शव घर में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि घर में लूट के बाद बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या की गयी है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंची फॉरेसिंक टीम मौके से साक्ष्य एकत्रित किया।

ये भी पढ़ें : Lucknow News: बिजली कटौती से मचा हाहाकार! ऊर्जा मंत्री के आदेश पर तीन अधिकारी सस्पेंड


घर में बिखरा हुआ था सारा सामान

मिली जानकारी के अनुसार इंदिरानगर में रहने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी देवेंद्र नाथ दुबे शनिवार सुबह जब गोल्फ खेलने के बाद घर वापस लौटे तो घर का दरवाजा खुला हुआ मिला। जब वह घर के अंदर गये तो कमरे में रखी आलमारियां खुली हुई थी। सारा सामान घर में बिखरा हुआ था। वहीं देवेंद्र नाथ दुबे की 71 वर्षीय पत्नी मोहिनी दुबे का शव घर में पड़ा हुआ था। मोहिनी दुबे के गले में फंदा लगा था। देवेंद्र नाथ ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।



सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि लूट के बाद घर में मौजूद बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या की गयी है। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

घटना को देखकर यह संभावना जतायी जा रही है कि अपराधियों की संख्या एक से ज्यादा हो सकती है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व आईएएस अधिकारी श्री दुबे रायबरेली के डीएम और इलाहाबाद के मंडलायुक्त रह चुके हैं। देवेंद्र नाथ दुबे मूल रूप से कन्नौज जनपद के रहने वाले हैं। वह पीसीएस से प्रोन्नत होकर आईएएस बने थे। वर्तमान में वह पत्नी के साथ लखनऊ के इंदिरानगर स्थित आवास पर रह रहे हैं।


पूर्व आईएएस की दूसरी पत्नी थीं मोहिनी

मोहिनी दुबे पूर्व आईएएस देवेंद्र नाथ दुबे की दूसरी पत्नी थीं। उनकी पहली पत्नी का साल 2005 में निधन हो गया था। जिसके बाद 2007 में देवेंद्र नाथ दुबे ने मोहिनी से दूसरी शादी की थी। पिता के दूसरी शादी करने के बाद से ही उनका बड़ा बेटा प्रांजल अपने परिवार के साथ नोएडा में रहने लगा था। वहीं पूर्व आईएएस का छोटा बेटा प्रतीक तकरोही में रहता है। देवेंद्र नाथ ने अपने छोटे बेटे को बेदखल कर दिया है। बताया जा रहा है कि उनका छोटा बेटा नशे का आदी है।

Tags:    

Similar News