UP Politics: 'मैं अभी भी सपा का सिटिंग MLA हूं', अखिलेश के बागी विधायक मनोज पांडेय ने किया रामलला के दर्शन

Manoj Kumar Pandey Ayodhya Visit: सपा विधायक मनोज पांडेय ने कहा, 'यह अकल्पनीय है। रामलला के दर्शन मेरे लिए सौभाग्य की बात है। ये देश प्रभु राम से है।'

Written By :  aman
Update: 2024-02-29 13:09 GMT

सपा विधायक मनोज कुमार पांडेय (Social Media)

UP Politics: समाजवादी पार्टी को बगावती तेवर दिखाने वाले विधायक मनोज कुमार पांडेय (SP MLA Manoj Kumar Pandey) गुरुवार (29 फरवरी) को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। मनोज पांडेय प्रभु श्रीराम के दर्शन के बाद 'राममय' नजर आए। उन्होंने राम मंदिर दर्शन पर खुद को सौभाग्यशाली माना।सपा विधायक मनोज पांडेय ने यहां रामलला का आशीर्वाद लिया। सपा विधायक ने परिवार के साथ रामलला के दर्शन किए। 

'प्रभु राम से ताकत की प्रार्थना करूंगा'

मीडिया से बातचीत में मनोज पांडेय ने कहा, 'रामलला के चरणों में परिवार संग हाजिरी का मौका मिल रहा है। अवसर प्रदान करने के लिए रामलला का आभार प्रकट करता हूं। सपा विधायक ने आगे कहा, प्रभु श्रीराम के दर्शन मात्र से असीम शक्ति प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा, प्रभु राम से ताकत की प्रार्थना करूंगा। ताकि, समाज के निचले पायदान पर खड़े विधानसभा क्षेत्र की जनता को मुख्यधारा से जोड़ पाऊं'। आपको बता दें, सपा एमएलए मनोज पांडेय ने राज्यसभा चुनाव के बीच मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया था। सपा के लिए ये बड़े झटके से कम नहीं था। 

अखिलेश के करीबी रहे हैं मनोज

अयोध्या में मनोज पांडेय ने कहा, 'मैंने अपनी पार्टी के भीतर रामलला के दर्शन की मांग उठाई थी। क्योंकि, अधिकांश सपा विधायक अयोध्या जाना चाहते थे।' बता दें, मनोज पांडेय को अखिलेश यादव का बेहद करीबी नेता बताया जाता रहा था।

'मैंने समय-समय पर गलत टिप्पणी का विरोध किया'

पांडेय ने सपा छोड़ चुके स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) के कथित विवादित बयान पर भी टिप्पणी की थी। तब उन्होंने कहा था कि, 'मेरी तरफ से स्वामी प्रसाद के बयान की आलोचना की गई थी। सही नहीं बोलने वाला व्यक्ति 'मृत शरीर' के समान होता है। पांडेय ने कहा, मैं अभी भी सपा में हूं। सपा का सिटिंग एमएलए हूं। मैंने समय-समय पर गलत टिप्पणी का विरोध किया है।'

सनातन पर हमला करने वाले का अस्तित्व नष्ट होगा

सपा विधायक मनोज पांडे ने आगे कहा, 'सनातन धर्म, भारत माता और भगवान राम पर हमला करने वाले का अस्तित्व पूर्णतः नष्ट हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात पर उन्होंने कहा, मेरी सामान्य मुलाकात हुई है। क्षेत्र के विकास के लिए सीएम से मिलना ही पड़ेगा'।

क्रॉस वोटिंग करने वालों में मनोज पांडेय भी

उल्लेखनीय है कि, यूपी में राज्यसभा चुनाव के दौरान सपा के सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी। क्रॉस वोटिंग की वजह से बीजेपी के आठवें उम्मीदवार संजय सेठ जीतने में सफल रहे थे। उन बागी विधायकों में मनोज पांडेय भी शामिल थे।

Tags:    

Similar News