Meerut News: रकम दोगुनी करने का लालच देकर की करोड़ो की ठगी, महिला समेत दो सदस्य गिरफ्तार

Meerut News: जनपद में रकम दोगुनी करने के सब्जबाग दिखाकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अन्तर्राजीय गैंग के महिला समेत दो सदस्यों को मेरठ पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2024-05-29 15:28 GMT

गिरफ्तार अभियुक्त (Pic:Newstrack)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदो में कार्यालय खोलकर रकम दोगुनी करने के सब्जबाग दिखाकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अन्तर्राजीय गैंग के महिला समेत दो सदस्यों को मेरठ पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। इस गैंग के एक सदस्य ने बकायदा सॉफ्टवेयर बना रखा था, जिसमें लोगों के नाम-पते और रकम फीड करता था। सोसाइटी की आड़ में यूपी, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड तक ठगी का जाल बिछा रखा था। साइबर सेल की अभी तक की जांच में डेढ़ से दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है।

पेट्रोल पम्प के पास से हुई गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आज थाना सिविल लाइन पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त कार्यवाही में मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त संजीव कुमार पुत्र स्व0 राजेन्द्र सिंह निवासी मोहल्ला बाली सराय थाना अमरोहा नगर जनपद अमरोहा व अभियुक्ता सोनिका पुत्री स्व0 राजेन्द्र सिंह निवासी उपरोक्त को मवाना अड्डे पर पैट्रोल पम्प के पास से गिरफ्तार किया गया। इस गैंग द्वारा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदो में कार्यालय खोलकर रकम को दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ो रुपयो की ठगी की गयी। जिसके सम्बन्ध में विभिन्न थानो पर अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसके क्रम में घटना के सम्बन्ध में 24 फरवरी 2020 को मु0अ0स0 67/2020 धारा 420/ 467/ 468/ 471/ 120बी/ 406 भादवि पंजीकृत किया गया।

आरोपियों पर घोषित था 15 हजार का इनाम 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार पुलिस द्वारा फरार चल रहे अभियुक्तों संजीव व सोनिका उपरोक्त को पकड़ने के काफी प्रयास किये गये। प्रकरण की गम्भीरता को देखते हुए जनपद मेरठ पुलिस द्वारा अभियुक्तगण संजीव व सोनिका उपरोक्त के नाम 15000-15000/- रु0 का इनाम घोषित कर जिला एस0ओ0जी0 टीम व थाना सिविल लाइन पुलिस को घटना के शीघ्र अनावरण हेतु निर्देश दिये गये थे, जिसके फलस्वरूप मोबाइल सर्विलांस एवं मुखबिरों की सूचना की मदद के उपरान्त अथक परिश्रम से शातिर अभि0गण संजीव व सोनिका उपरोक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण संजीव व सोनिका उपरोक्त को समय से न्यायालय प्रस्तुत किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम की अगुवाई थाना प्रभारी सिविल लाइन रतनेश सिंह, प्रभारी स्वॉट टीम अतुल कुमार कर रहे थे।


Tags:    

Similar News