Mukhtar Ansari Death Live: देर रात गाजीपुर पहुंचेगा मुख्तार का शव, सुबह 10 बजे पढ़ी जाएगी जनाजे की नमाज

Mukhtar Ansari Death Live: बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।

Report :  Jugul Kishor
Update: 2024-03-29 09:42 GMT

Mukhtar Ansari Death Live (Pic: Social Media)

Mukhtar Ansari Death Live: माफिया मुख्तार अंसारी की गुरुवार को इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मुख्तार की मौत का कारण कॉर्डियक अरेस्ट बताया गया है। वहीं, मुख्तार के मौत के बाद प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बता दें कि गुरुवार (28 मार्च) की शाम को बांदा जेल में मुख्तार अंसारी को उल्टी हुई, इसके बाद वह बेहोश हो गया। जेल प्रशासन के द्वारा आनन-फानन में मुख्तार को अस्पताल लाया गया, जहां 9 डॉक्टरों की टीम ने जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।

बांदा में मुख्तार का पोस्टमार्टम किया गया। मुख्तार का बेटे उमर अंसारी को मुख्तार का शव सौंप दिया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच शव को गाजीपुर के लिए रवाना कर दिया गया है। बांदा से देर रात मुख्तार अंसारी का शव गाजीपुर पहुंचने की संभावना जाताई जा रही है। गाजीपुर एसपी ओमवीर सिंह ने कहा है कि कल सुबह नमाज के बाद मुख्तार अंसारी के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। मुख्तार के बड़े भाई ने कहा है कि कल सुबह 10 बजे जानजे की नमाज पढ़ी जाएगी।

मुख्तार अंसारी की मौत के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ देर रात तक बैठक की। प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसको देखते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है। 

Live Updates
2024-03-29 16:10 GMT

मुख्तार अंसारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। 5 डॉक्टरों की टीम ने मुख्तार का पोस्टमार्टम किया। इसमें एक डॉक्टर पीजीआई से, एक मेडिकल कॉलेज से और तीन डॉक्टर जिला अस्पताल के शामिल थे। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मुख्तार की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। जहर देने की बात से डॉक्टरों ने इंकार किया है। 

2024-03-29 15:57 GMT

मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा है कि उन्हें पोस्टमार्टम के बाद मुख्तार की लाश देर से मिली। देर से मिलने की वजह से अब जनाजे की नमाज कल सुबह 10 बजे पढ़ी जाएगी। इसी के साथ ही मुख्तार अंसारी को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया जाएगा। 

2024-03-29 15:39 GMT

मुख्तार अंसारी की मौत पर लगातार राजनीतिक पार्टियां और मुख्तार का परिवार जांच की मांग कर रहा था। यूपी सरकार ने मुख्तार के मौत में मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। तीन सदस्यीय समिति मामले की जांच करेगी। मुख्तार के परिवार ने मौत की आशंका जताई है। 

2024-03-29 15:00 GMT

बांदा से गाजीपुर जा रहा मुख्तार अंसारी का शव प्रयागराज पहुंच गया है। आज देर रात गाजीपुर पहुंचने की संभावना है। हांडिया बाईपास से भदोही और वाराणसी होते हुए मुख्तार का शव आज रात गाजीपुर पहुंचेगा। शव के साथ पुलिस की 24 गाड़ियां सुरक्षा के लिए लगाई गई हैं। मुख्तार के शव के साथ बेटे उमर अंसारी भी मौजूद हैं। 

2024-03-29 13:34 GMT

मुख्तार अंसारी का शव बांदा से गाजीपुर ले जाया जा रहा है। इस दौरान प्रशासन सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। गाजीपुर तक शव को सुरक्षित पहुंचाने के लिए मुख्तार अंसारी के शव के काफिले में पुलिस की 24 गाड़ियों को लगाया गया है। इसके साथ ही मुख्तार के परिवार की भी दो गाड़ियां मौजूद हैं। शव के देर रात गाजीपुर पहुंचने की उम्मीद है। 

2024-03-29 12:19 GMT

जेल में बंद अब्बास अंसारी ने अपने पिता मुख्तार अंसारी के जनाजे में शामिल होने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इससे पहले हाईकोर्ट ने जनाजे में शामिल होने की अनुमति देने से इंकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट में आज छुट्टी है इसलिए अब्बास अंसारी के वकील ने SC के वेकेशन ऑफिसर से संपर्क किया है और कोर्ट से जल्द सुनवाई की मांग की है।

2024-03-29 11:50 GMT

बांदा से मुख्तार अंसारी के शव को गाजीपुर के लिए रवाना करने के बाद मुख्तार अंसारी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुख्तार के घर के बाहर बैरिकेटिंग लगा दी गई। देर रात शव के गाजीपुर पहुंचने की संभावना है। बांदा से गाजीपुर करीब 400 किलो मीटर है। मुख्तार के शव को गाजीपुर पहुंचने में 8 से 9 घंटे लग सकते हैं. 

2024-03-29 11:33 GMT

बांदा में पोस्टमार्टम के बाद मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी को उनके पिता का शव सौंपा गया है। जिसके बाद मुख्तार अंसारी का शव गाजीपुर के लिए रवाना किया गया है। इस दौरान सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। 

2024-03-29 11:25 GMT

मुख्तार अंसारी को दफनाने को लेकर गाजीपुर एसपी ओमवीर सिंह का बयान सामने आया है। एसपी ने कहा है कि कल सुबह की नमाज के बाद मुख्तार अंसारी को दफनाया जाएगा। इस दौरान मुख्तार के परिवार और करीबी लोग जनाजे में शामिल होंगे। 

2024-03-29 11:21 GMT

मुख्तार अंसारी का बेटा उमर अंसारी अपने पिता का शव लेने के लिए बांदा पहुंचा है। यहां से शव को गाजीपुर ले जाया जाएगा। शव के देर रात गाजीपुर पहुंचने की संभावना है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 

Tags:    

Similar News