PM Modi Bulandshahr Rally: ‘आज अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे’, कल्याण सिंह को याद करते हुए बोले पीएम मोदी

PM Modi Bulandshahr Rally: पीएम मोदी ने पश्चिमी यूपी के बुलंदशहर में विशाल जनसभा को संबोधित किया, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2024-01-25 06:45 GMT

PM Modi Bulandshahr Rally (Photo:Social Media)

PM Modi Bulandshahr Rally: देश में लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टियां मिशन मोड में आ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी गुरूवार 25 जनवरी को सीटों के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में आम चुनाव का बिगुल फूंका। पीएम मोदी ने पश्चिमी यूपी के बुलंदशहर में विशाल जनसभा को संबोधित किया, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे।

अयोध्या में नवनिर्मित भव्य मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पीएम मोदी का इस साल उत्तर प्रदेश में ये दूसरा कार्यक्रम है। आज के संबोधन में प्रधानमंत्री ने 500 साल बाद भगवान रामलला के विराजमान होने का जिक्र जरूर करते हुए कहा कि 22 तारीख को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन हुए और अब यहां जनता जनार्दन के दर्शन का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि मीडिया कह रही है कि मोदी बुलंदशहर लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकने आए हैं, लेकिन मैं यहां विकास का बिगुल फूंकने आया हूं। 

2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना हमारा लक्ष्य – पीएम

पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में मैंने रामलला के सानिध्य में कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ, अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है। हमें देव से देश और राम से राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है। हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। आज पश्चिमी यूपी को विकास के लिए 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स भी मिले हैं। ये प्रोजेक्ट्स रेल लाइन, हाइवे, पेट्रोलियम पाइपलाइन, पानी, सीवेज, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक शहर से जुड़े हुए हैं।

दिवंगत नेता कल्याण सिंह को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह जी और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है। लेकिन अभी भी सशक्त भारत के निर्माण का, सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति और बढ़ानी है। इस क्षेत्र ने देश को कल्याण जी जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने रामकाज और राष्ट्रकाज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं वो अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे।

सपा-कांग्रेस पर इशारों में बोला हमला

पीएम मोदी ने विपक्षी पार्टियों खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर इशारों में हमला बोलते हुए कहा कि पहले लंबे समय तक यहां सरकार चलाने वालों ने शासकों की तरह बर्ताव किया। जनता को अभाव में रखने और समाज में बंटवारे का रास्ता उनके लिए सत्ता पाने का सबसे सरल माध्यम था। इसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने भुगती है। लेकिन साथ-साथ देश को भी इसका बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। प्रधानमंत्री ने इस दौरान परिवारवाद को लेकर भी अपने विरोधियों पर हमला बोला।

बुलंदशहर पर सौगातों की बारिश

पीएम मोदी ने आज बुलंदशहर को कई सौगत दिए। सबसे पहले  उन्होंने मेजर ध्यानचंद विश्वविद्यालय मेरठ का शिलान्यास किया। इसके बाद कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के सेक्शन के साथ ही अलीगढ़-कन्नौज हाईवे का लोकार्पण किया। इसके अलावा पीएम मोदी नोएडा सेक्टर-62 में 18 एकड़ में डी टाइप पार्क के पुर्ननिर्माण का भी शिलान्यास किया मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बुलंदशहर में 19 हजार करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई है। 

‘बुलंदशहर’ को ही पीएम ने क्यों चुना

अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के बाद यूपी में अपनी पहली रैली के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेस्ट यूपी के बुलंदशहर को चुना है। इसके पीछे की वजह भी बड़ी दिलचस्प है। बीजेपी सूत्रों की मानें तो आज से 10 साल पहले जब गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी ने यूपी में 2014 के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरूआत जिस जगह से की थी, वह बुलंदशहर ही था। इस चुनाव का नतीजा क्या रहा, ये जगजाहिर है। इसलिए पीएम मोदी इस जिले को शुभ मानते हैं और 2024 की लड़ाई का शंखनाद भी यहीं की धरती से करना चाहते हैं।

इस रैली के पीछे जो दूसरी सबसे बड़ी वजह है, वो है वेस्ट यूपी में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल का मजबूत गठबंधन। देर-सवेर इसमें कांग्रेस की भी आने की प्रबल संभावना है। ऐसे में यहां की सियासी लड़ाई बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है। बीजेपी को इंडिया ब्लॉक से कड़ी टक्कर मिल सकती है। पीएम मोदी आज की रैली से गठबंधन पर ताबड़तोड़ हमले कर उसकी धार को कुंद करना चाहते हैं।

बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में यूपी में मुख्य मुकाबला बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए और सपा-बसपा-रालोद के महागठबंधन के बीच था। कागज पर मजबूत दिख रहा महागठबंधन जमीन पर खोखला साबित हुआ और उसे महज 15 सीटों पर ही जीत नसीब हुई। वहीं, बीजेपी ने अपने सहय़ोगी के साथ 64 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस महज एक सीट ही हासिल कर सकी।

Tags:    

Similar News