Gorakhpur: काजल हत्या मामले में योगी सरकार पर हमलावर हुई कांग्रेस, पूरे थाने को निलंबित करने की मांग

गोरखपुर के गगहा थानाक्षेत्र में पिता के साथ मारपीट करने वाले बदमाशों का वीडियो बना रही बेटी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिला। कांग्रेस ने प्रकरण में लापरवाह गगहा थाने को निलंबित करने की मांग की है।

Published By :  Ashiki
Update: 2021-08-27 15:24 GMT

काजल के परिवारीजनों से बातचीत करता कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल

गोरखपुर: गोरखपुर के गगहा थानाक्षेत्र में पिता के साथ मारपीट करने वाले बदमाशों का वीडियो बना रही बेटी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिला। कांग्रेस ने प्रकरण में लापरवाह गगहा थाने को निलंबित करने की मांग की है। पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम ने आरोप लगाया कि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद है। उनके जिले में ही बेटियों की सरेराह हत्या हो रही है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधि मंडल पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम के नेतृत्व में जगदीशपुर भलुआन में हुई हाईस्कूल की छात्रा की हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मिला। पूर्व सांसद ने कहा कि स्थानीय पुलिस की भूमिका और स्वास्थ्य सुविधाओं की लापरवाही ने एक होनहार बेटी की जान ले ली। पूरे गगहा थाने को तत्काल निलंबित किया जाये। उत्तर प्रदेश में अपराध बेकाबू है। मुख्यमंत्री के गृह जिले में घर पर बेटी की हत्या कर दी गयी। एक पेशेवर अपराधी खुलेआम गांव में रह रहा था और स्थानीय पुलिस द्वारा इसका संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। पुलिस की कार्यप्रणाली और सरकार के दावे पर यह हत्या बड़ा सवाल है। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक अंबिका सिंह, त्रिभुवन नारायण मिश्रा, अमरेंद्र मल्ल, जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी आदि शामिल रहे।


50 लाख मुआवजा दे सरकार

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा मिलना चाहिए। पिता रामनयन सिंह को पुलिस सुरक्षा दे। कांग्रेस न्याय की लड़ाई में परिजनों के साथ है। न्याय दिलाने हेतु संघर्ष करेगी। श्री सिंह ने कहा कि प्रकरण में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल 29 अगस्त को एसएसपी से मिलेगा। मुख्यमंत्री के जिले में बेटी की निर्मम हत्या को लेकर कांग्रेस आंदोलन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष भी इस आंदोलन में शामिल होंगे।

काजल की फाइल फोटो

आरोपियों पर 25 हजार का इनाम

घटना 21 अगस्त दिन शुक्रवार की रात 11.30 बजे की है। गगहा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर भलुवान निवासी राजीव नयन सिंह अपने बरामदे मे सोए थे। तभी गांव का शातिर अपराधी विजय प्रजापति अपने तीन साथियों के साथ बाइक से पहुंचा। रुपये के पुराने लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। कहासुनी के दौरान बदमाश राजीव नयन को मारने पीटने लगे। एक बदमाश में तमंचा निकाल लिया। तभी शोर सुनकर 16 वर्षीय पुत्री काजल सिंह बाहर आ गयी। वह अपने स्मार्ट फोन से मारपीट की घटना का वीडियो बनाने लगी। विजय प्रजापति ने लड़की को वीडियो बनाते हुए देखा तो ऐसा करने से मना किया। इसके बाद भी लड़की ने वीडियो बनाना जारी रखा तो उसने नाराज होकर लड़की के पेट में तमंचा सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ गिरा देख बदमाश मोबाइल छीनकर साथियों के साथ फरार हो गए। बता दें कि काजल हत्या कांड में शामिल दोनों आरोपियों पर एसएसपी ने 25000-25,000 रुपए का इनाम घोषित किया है। वहीं तथा मामले एसपी दक्षिणी के नेतृत्व में पुलिस की टीम अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कई शहरों में दबिश दे रही है। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने कहा कि नामजद अभियुक्तों को पकड़ने के लिए पुलिस की 5 टीमें लगी हुई हैं।

Tags:    

Similar News