UP News Today: सपा सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर

UP News Today: समाजवादी पार्टी में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Update: 2022-09-10 17:31 GMT

गायत्री प्रजापति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला गिरफ्तार: Photo- Social Media

Lucknow : उत्तर प्रदेश सपा सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी गोमतीनगर एकसटेंशन से हुई। गायत्री प्रजापति की कंपनी के पूर्व डायरेक्टर स्वर्गीय बृजमोहन चौबे द्वारा दर्ज करायी गई एफआईआर पर यह कार्रवाई की गई है। चौबे ने गायत्री प्रजापति, अनिल प्रजापति और इस महिला पर धोखाधड़ी, जालसाजी, जान से मारने की धमकी देने और पैसे हड़पने को लेकर एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि महिला अपना बयान बदलने के लिए पैसे मांग रही थी।

मूल रूप से चित्रकूट की रहने वाली इस महिला ने अपने और अपनी बेटी के साथ रेप का आरोप लगा कर सनसनी फैला दी थी। महिला ने आरोप लगाया था कि बबलू सिंह, आशीष शुक्ला व एक अन्य व्यक्ति ने उसका रेप किया है। इसी मामले में महिला ने तत्कालीन समाजवादी पार्टी की सरकार के ताकतवर मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर भी रेप का आरोप लगाया था।

महिला ने आरोप लगाया कि गायत्री प्रसाद प्रजापति ने उसका और उसकी बेटी का बलात्कार किया

महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि मंत्री  गायत्री प्रसाद प्रजापति ने उसका और उसकी बेटी का बलात्कार किया है। बाद में इस मामले में महिला को गवाही देने के लिए कोर्ट से कई बार नोटिस जारी किये गए वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुई थी। इसके बाद 30 मार्च 2022 को गोमतीनगर पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया था।

इस मामले में काफी समय तक अदालती कार्रवाई चलने के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर फरवरी 2017 में लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में सपा सरकार के खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति समेत सात लोगों पर गैंगरेप, जान से मारने की धमकी देने और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज हुआ था। जून 2017 में इस हाई प्रोफाइल मामले में पुलिस ने चार्ज शीट दाखिल की थी। यह चार्जशीट 824 पन्नों की थी।

महिला ने आरोप लगाया कि प्रजापति ने उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें ली

महिला का आरोप है कि तीन साल पहले जब वह उससे मिलने गई तो गायत्री प्रसाद प्रजापति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि उनकी चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया गया था। जब वह बेहोश हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि प्रजापति ने उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें ली थीं। वे पिछले दो साल से उसे प्रताड़ित कर रहे थे और उन तस्वीरों को जारी करने की धमकी दे रहे थे।



Tags:    

Similar News