Sonbhadra News: दो पुलिसकर्मी बन गए क्रशर प्लांट उद्यमी, पत्नी के नाम से संचालन, आय से अधिक संपत्ति में फंसी गर्दन

Sonebhadra News: इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह के मुताबिक जांच के दौरान पाया गया कि दोनों भाइयों ने अपनी और पत्नी दोनों की ज्ञात अज्ञात स्रोतों से हुई कुल आय से भी अधिक संपत्ति अर्जित की है।;

Update:2023-12-24 11:15 IST
Sonbhadra News

Sonbhadra News (Newstrack)

  • whatsapp icon

Sonbhadra News: सोनभद्र में दो पुलिस कर्मियों की तरफ से पुलिस सेवा में रहते हुए पत्नियों के नाम की आड़ में क्रशर उद्यमी बनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद के रहने वाले सगे भाई हैं। डीजीपी के निर्देश पर हुई जांच में, आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी पाए गए हैं। मामले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की वाराणसी इकाई की तरफ से ओबरा थाने में दोनों पुलिस कर्मियों और उनकी पत्नियों के नाम से केस दर्ज कराया गया है।

वर्ष 2018 में डीजीपी को भेजी गई थी मामले की शिकायत

वर्ष 2018 में मोहम्मदाबाद के गाजीपुर निवासी कांस्टेबल विनोद कुमार राय पर अपने सगे भाई कांस्टेबल रविंद्र नाथ राय के साथ मिलकर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और इसके जरिए ओबरा थाना क्षेत्र में पत्नियों के नाम से क्रशर प्लांट के संचालन का आरोप लगाते हुए डीजीपी को शिकायत भेजी गई थी। वहां से मामले की जांच के निर्देश दिए गए थे। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सोनभद्र के तत्कालीन एसपी की तरफ से मामले को भ्रष्टाचार निवारण संगठन को संदर्भित कर दिया गया था। वहां वाराणसी इकाई में तैनात इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह को इसकी जांच सौंपी गई।

जांच में दोनों भाइयों के खिलाफ पाए गए आय से अधिक संपत्ति के प्रमाण

इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह के मुताबिक जांच के दौरान पाया गया कि दोनों भाइयों ने अपनी और पत्नी दोनों की ज्ञात अज्ञात स्रोतों से हुई कुल आय से भी अधिक संपत्ति अर्जित की है। दोनों पुलिस कर्मियों की पत्नियों के नाम ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली-मारकुंडी में मेसर्स न्यू सर्वोदय इंटरप्राइजेज (पूर्व नाम आरके इंटरप्राइजेज) का संचालन होना भी पाया गया। आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोनों पुलिस कर्मियों से स्पष्टीकरण लिए जाने के बाद, संबंधित अवधि में ज्ञात-अज्ञात स्रोतों से कुल हुई आय से भी 33% से अधिक संपत्ति अर्जित/ पूंजी व्यय होना पाया गया।

केस दर्ज

मामले में ओबरा थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत सोनभद्र में लंबे समय तक तैनात रहे पुलिसकर्मी विनोद राय और सोनभद्र के साथ ही मिर्जापुर में लंबी पारी बिताने वाले उनके भाई रविंद्र नाथ राय और उनकी पत्नियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। 

Tags:    

Similar News