Jhansi: ग्राम करारी में 25 एकड़ जमीन में बनेगा ट्रांसपोर्ट नगर, मंडलायुक्त ने अवैध निर्माण पर जताई नाराजगी

Jhansi News Today: बोर्ड बैठक में मंडलायुक्त ने अवैध कॉलोनी निर्माण व अवैध निर्माण पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इसे सख्ती से रोके जाने की आवश्यकता है।

Report :  B.K Kushwaha
Published By :  Shreya
Update:2022-04-13 21:10 IST

बोर्ड बैठक (फोटो- न्यूजट्रैक)

Jhansi News Today: झांसी विकास प्राधिकरण (Jhansi Development Authority) की 83 वीं बोर्ड बैठक (JDA Board Meeting) आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त डॉ. अजय शंकर पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बोर्ड बैठक में मंडलायुक्त ने अवैध कॉलोनी निर्माण व अवैध निर्माण (Illegal Construction) पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इसे सख्ती से रोके जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सदस्यों द्वारा बैठक में अवगत कराया गया कि अवैध निर्माण में विभागीय अधिकारी/कर्मचारियों की संलिप्तता है यह बेहद गंभीर है, ऐसे लोगों को चिन्हित करते हुए उनके ऊपर कार्यवाही करना सुनिश्चित किया जाए। '

उन्होंने कहा कि सदस्यों द्वारा उठाया गया विषय बेहद गंभीर है, नक्शा पास करने की प्रक्रिया का सरलीकरण हो। उन्होंने इसके लिए कैंप आयोजित कर नक्शों को पास करने की कार्यवाही करने का सुझाव दिया। मंडलायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि अब तक कितने निर्माण नक्शा पास होकर बन रहे हैं कितने अवैध निर्माण हो रहे सर्वे करते हुए अवगत कराएं। 

25 एकड़ में बनेगा ट्रांसपोर्ट नगर

बोर्ड बैठक में मंडलायुक्त ने अवैध कॉलोनियों को विनियमितीकरण कराए जाने के संबंध में निर्देश दिए कि लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों सहित कैंप आयोजित कर संवाद स्थापित करें ताकि ऐसी कॉलोनियों का समुचित विकास किया जा सके। मण्डलायुक्त डॉ अजय शंकर पांडेय ने ग्राम करारी में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना हेतु करारी में 76 एकड़ चिन्हित भूमि का पुर्नग्रहण सम्बन्धी प्रकरण को स्वीकृत करते हुए कहा की ट्रांसपोर्टस से भी वार्ता कर लें। उन्होंने कहा कि जनपद में ट्रांसपोर्ट नगर की महती आवश्यकता है और इसे जरूर बनना चाहिए। उपाध्यक्ष झांसी विकास प्राधिकरण ने बताया कि 25 एकड़ में ट्रांसपोर्ट नगर बनाया जाएगा शेष भूमि पर आवासीय क्षेत्र विकसित किया जाएगा।

बोर्ड बैठक में प्राधिकरण द्वारा अम्बावाय राजस्व ग्राम में लैंडबैंक हेतु भूमि का चयन उपयोगिता के दृष्टिगत करायें जाने के सम्बन्ध में मण्डलायुक्त ने कहा कि 15 दिन में डिमांड सर्वे कर लें, लैंड बैंक प्राधिकरण के लिए लाभकारी सिद्व हो इसे अवश्य सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि डिमांड सर्वे में राजस्व विभाग को भी शामिल किया जाए ताकि एयरपोर्ट की भूमि को भी सुनिश्चित किया जा सके।

मास्टर प्लान 2031 का किया गया प्रस्तुतीकरण

मंडलायुक्त सभागार में आयोजित 83 वीं झांसी विकास प्राधिकरण बोर्ड बैठक में मास्टर प्लान 2031 का प्रस्तुतीकरण किया गया। जसवंत सिंह ने बिंदुवार मास्टर प्लान की जानकारी दी। मास्टर प्लान 2031 की जानकारी देते हुए बोर्ड के सम्मानित सदस्यों को बताया गया कि 25 अप्रैल को जनता के सामने मास्टर प्लान रखा जाएगा। इसे नगर निगम सहित अन्य विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा। समाचार पत्रों, फ्लैक्स के माध्यम से जनमानस को भी इसकी जानकारी दी जाएगी, लोगों से सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे।

83 वीं झांसी विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में सदस्य सुधीर सिंह ने अवैध कॉलोनी के निर्माण के संबंध में कहा कि अवैध कालोनी बनती क्यों है ? उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि यदि नक्शा पास करने में सरलता हो तो अवैध कॉलोनियों अवैध निर्माण नहीं होंगे और प्राधिकरण की आय में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने सुझाव दिया की एनओसी की कार्यवाही में विभागीय शिथिलता और अधिक समय लगने के कारण अवैध निर्माण को प्रोत्साहन मिलता है। यदि इस पर प्रभावी कार्यवाही की जाए तो अवैध निर्माण को रोका जा सकता है।

बैठक में उपाध्यक्ष झांसी विकास प्राधिकरण सर्वेश कुमार दीक्षित ने बोर्ड को अवगत कराया कि अटल एकता पार्क का संचालन पीपीपी मोड पर संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार,नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, उपाध्यक्ष जेडीए सर्वेश कुमार दीक्षित, सचिव जेडीए त्रिभुवन विश्वकर्मा, सदस्य सुबोध गुवरेले, संजीव ऋंगीऋषि, सुधीर सिंह, सहयुक्त नियोजक एन पुष्करणा, नगर नियोजक जीतेंद्र सिंह, विद्युत, पीडब्ल्यूडी, जल संस्थान, सेतु निगम सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News