विकास की मौत: दफन हुए कई राज, साथी पुलिसकर्मी-नेताओं के चेहरे नहीं हुए बेनकाब

उम्मीद की जा रही थी कि विकास की गिरफ्तारी के बाद कई चेहरों से पर्दे हटेंगे लेकिन विकास की मौत के साथ ही ये राज बनकर दफ़न हो गए।

Update: 2020-07-10 03:59 GMT

कानपुर: गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी के 24 घंटों के अंदर ही उसका एनकाउंटर हो गया। उज्जैन से खुद की गिरफ्तारी करवाने वाले विकास दुबे ने आज यूपी वापसी के दौरान भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया। हालाँकि 7 दिनों से उसकी तलाश में लगी यूपी पुलिस ने कई बड़े खुलासे किये थे। कई पुलिसकर्मियों के साथ उसके सम्पर्क थे, वहीं नेताओं से भी उसका सम्बन्ध था। उम्मीद की जा रही थी कि विकास की गिरफ्तारी के बाद कई चेहरों से पर्दे हटेंगे लेकिन विकास की मौत के साथ ही ये राज बनकर दफ़न हो गए।

विकास दुबे का एनकाउंटर: अधिकारी-पुलिसकर्मी और नेता के राज का भी अंत

उज्जैन से महाकाल से विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा था कि अब कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। दरअसल, विकास को पहले से एनकाउंटर की जानकारी थी, वहीं इसके पहले भी उसने एक मंत्री की हत्या कर दी थीं। इन सब के बावजूद वह आजाद था। ऐसे में विकास के संबंध कई राजनेताओं और पुलिस के लोगों से होने की बात सामने आ रही थी लेकिन मुठभेड़ में मारे जाने के बाद अब ऐसा कोई खुलासा नहीं हो सकेगा।

विकास का सियासी लिंक

कुख्यात गैंगेस्टर विकास दुबे का आपराधिक साम्राज्य बिना राजनीतिक संरक्षण के चलना मुश्किल था। उसपर प्रदेश के बड़े राजनीतिक दलों का हाथ रहा। विकास 15 साल बसपा, 5 साल बीजेपी और 5 साल सपा के साथ रहा था। वहीं पंचायत चुनाव में बसपा के समर्थन में रहा, जबकी उसकी पत्नी को सपा की आजीवन सदस्य्ता मिली थी।

ये भी पढ़ेंः ‘गैंग्स ऑफ चौबेपुर’ का खात्मा, एनकाउंटर में STF ने विकास दुबे को ऐसे किया ढेर

 

विकास को मिला कई राजनीतिक दलों का समर्थन

राजनीतिक दलों के संरक्षण में उसने कानपुर में अपना रसूख कायम किया। कई जमीनों पर अवैध कब्जे भी किए। एक दौर ऐसा आया कि जेल में बंद होने के बाद भी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे ने शिवराजपुर से नगर पंचायत चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। राजनाथ सिंह की सरकार के कार्यकाल में 11 नवंबर 2001 को कानपुर के थाना शिवली के अंदर विकास दुबे ने मंत्री संतोष शुक्ला की गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी, हालाँकि जब कोर्ट में मामला गया तो कई पुलिसकर्मियों ने अपने बयान बदल दिए और वह बरी हो गया।

ये भी पढ़ेंः 8 पुलिसकर्मियों के हत्यारे विकास दुबे की 8 दिनों में मौत, ऐसे हुआ एनकाउंटर

पुलिस से कनेक्शन:

कानपुर काण्ड के बाद जब वह फरार हुआ तो उसकी तलाश में लगी पुलिस ने कई बड़े खुलासे किये। उसके कॉल डिटेल निकलवाई तो पता चला कि 24 पुलिसकर्मियों के साथ विकास का सम्पर्क था। एनकाउंटर की रात भी विकास को पता था कि पुलिस रेड देने वाली है। वहीं उसके गाँव की बिजली भी थाने से कटवाई गयी। मामले में चौबेपुर थाने के दारोगा और कुछ सिपाही सस्पेंड हुए और पूरा थाना लाइन हाजिर हुआ। पूर्व एसएसपी अनंत देव भी जांच के दायरे में आ गए लेकिन विकास की मौत के बाद उसके वर्दी वाले साथी संगियों के नाम से पर्दा नहीं हट सका।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News