Coronavirus: दुबई ने भारत के यात्रियों को दी बड़ी राहत, यात्रा प्रतिबंधों में दी ढील

Coronavirus: दुबई ने भी भारत समेत अन्य देशों से आने वाले अपने निवासियों के लिए यात्रा प्रतिबंधों में छूट देने की घोषणा कर दी है।

Newstrack :  Network
Published By :  Shreya
Update: 2021-06-20 05:38 GMT

एमिरेट्स की फ्लाइट (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Coronavirus: पूरी दुनिया बीते करीब डेढ़ साल से कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जंग लड़ रही है। पहली लहर पर जैसे तैसे काबू पाने के बाद जब दूसरी लहर ने दस्तक दी तो हालात बद से बदतर हो गए। जिसके बाद फिर से तमाम देशों की ओर से संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉकडाउन (Lockdown) से लेकर यात्रा संबंधी पाबंदियां (Travel Restrictions) लागू कर दी गईं। इसका असर भी दिखने लगा है। अब कोरोना की रफ्तार थमने लगी है। जिसके बाद देशों की ओर से पाबंदियों में छूट दी जाने लगी हैं। 

कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद दुनिया के कई देशों में एक बार फिर से यात्रा से जुड़ी पाबंदियों (Travel Restrictions) में छूट दी जाने लगी है। इसी क्रम में दुबई (Dubai) ने भी भारत समेत अन्य देशों से आने वाले अपने निवासियों के लिए यात्रा प्रतिबंधों में छूट देने की घोषणा कर दी है। हालांकि दुबई ने ढील के साथ कई शर्तें भी लागू की हैं। जैसे कि यात्रियों को वैक्सीन (Corona Vaccine) की दोनों डोज लेना अनिवार्य होगा। यही नहीं यह भी कहा गया है कि यह वो वैक्सीन होनी चाहिए जिसे यूएई सरकार द्वारा मंजूरी दी गई है।

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

इन देशों के यात्रियों को मिली राहत

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दुबई में संकट और आपदा प्रबंधन की सर्वोच्च समिति की ओर से भारत, दक्षिण अफ्रीका और नाइजीरिया से आने वाले यात्रियों के लिए ढिलाई की गई है। इन यात्रियों के संबंध में दुबई के नए प्रोटोकॉल का एलान किया गया है। इसमें वैक्सीन की दो डोज लेने वालों को राहत दी गई है। आपका बता दें कि इस समिति की अगुवाई शेख मंसूर बिन मोहम्मद बिन राशिद मख्तूम कर रहे हैं। 

भारत के यात्रियों के लिए क्या है प्रोटोकॉल

भारत के यात्रियों के लिए जारी प्रोटोकॉल के मुताबिक, भारत से आने वाले यात्रियों के पास वैध रेसिडेंस होना अनिवार्य है। इसके अलावा यूएई सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके लोगों को यात्रा की अनुमति दी गई है। बता दें कि यूएई सरकार ने जिन टीकों को मान्यता दी है, उनमें सिनोफार्मा, फाइजर-बायोनटेक, स्पूतनिक-वी और ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका का टीका शामिल है। 

अप्रैल में लगाया गया था पाबंदी

इसके अलावा भारत से आने वाले यात्रियों का चार घंटे पहले रैपिड पीसीआर टेस्ट किया जाएगा। इसके बाद दुबई में लैंड करने के बाद इनका PCR टेस्ट होगा। टेस्ट रिपोर्ट आने तक यात्रियों को क्वारंटीन रहना होगा। इसके लिए उन्हें क्वारंटीन सेंटर भेजा जाएगा। 24 घंंटे के भीतर यात्रियों को उनकी टेस्ट रिपोर्ट दे दी जाएगी। बता दें कि अप्रैल में भारत में दूसरी लहर का प्रकोप बढ़ने के बाद दुबई ने भारत से आने वाले यात्रियों की एंट्री पर पाबंदी लगा दी थी। 

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News