Indonesia Capital: इंडोनेशिया ने बदल दी अपनी राजधानी, अब बोर्नियो के द्वीप में शिफ्ट होगी

Indonesia Capital: सबसे बड़ी बात ये कि नई राजधानी एक सुदूर प्रान्त के जंगलात भरे द्वीप में शिफ्ट की जा रही है। नई राजधानी बोर्नियो द्वीप के इंडोनेशियाई हिस्से में स्थित पूर्वी कालीमंतन में होगी और इसका नाम नुसंतारा होगा।

Published By :  Divyanshu Rao
Update: 2022-01-18 14:31 GMT

Indonesia Capital (फोटो:सोशल मीडिया)

Indonesia Capital: ढेरों देशों की राजधानियां ठसाठस भरी हुई हैं। हर जगह बिल्डिंगें, ट्रैफिक जाम और वाहनों की भीड़ नजर आती है। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता इन समस्याओं के अलावा भूकम्प, बाढ़ और जंगल की आग जैसी प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम में रहती है। इस समस्या से निपटने के लिए देश की सरकार ने राजधानी को अन्यत्र शिफ्ट करने का फैसला किया है।

सबसे बड़ी बात ये कि नई राजधानी एक सुदूर प्रान्त के जंगलात भरे द्वीप में शिफ्ट की जा रही है। नई राजधानी बोर्नियो द्वीप के इंडोनेशियाई हिस्से में स्थित पूर्वी कालीमंतन में होगी और इसका नाम नुसंतारा होगा। यह जावा के अधिक आबादी वाले द्वीप पर स्थित है। बोर्नियो एशिया का सबसे बड़ा द्वीप है और इसके अलग अलग हिस्से मलेशिया, ब्रूनेई और इंडोनेशिया के कब्जे में हैं।

इंडोनेशिया सरकार ने 17 जनवरी को इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा की है। वैसे, अगस्त 2019 की शुरुआत में राष्ट्रपति जोको विडोडो ने राजधानी को स्थानांतरित करने के लिए अरबों डॉलर की परियोजना की घोषणा की थी। लेकिन इस परियोजना को कोरोना महामारी समेत विभिन्न कारणों से टाल दिया गया था।

इंडोनेशिया राजधानी की तस्वीर 

एक करोड़ की आबादी वाला जकार्ता, बाढ़, भूकंप और जंगल की आग जैसी प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम में बना रहता है। जकार्ता का उत्तरी भाग पहले ही पानी में डूब चुका है और जबर्दस्त ट्रैफिक और भीड़ के कारण यह शहर एशिया के सबसे प्रदूषित महानगरों में से एक है।

प्रेसिडेंट विडोडो के अनुसार, नुसंतारा न केवल इस समस्याओं से अछूता रहेगा बल्कि ये नई राजधानी दो विकासशील शहरों समरिंडा और बालिकपपन के बीच देश के सटीक केंद्र में स्थित होंगी। नया शहरी केंद्र सरकार के प्रशासनिक मुख्यालय का घर होगा, जबकि वर्तमान राजधानी देश के आर्थिक और वित्तीय केंद्र की भूमिका निभाती रहेगी।

2019 में जोकोवी ने कहा था कि इंडोनेशिया की कुल जीडीपी का लगभग 58 प्रतिशत जावा द्वीप से आता है और जावा द्वीप ही पूरे देश के लिए खाद्य सुरक्षा की गारंटी देता है। देश की नई राजधानी उत्तरी पेनाजम पासर रीजेंसी और कुताई कार्तनेगरा रीजेंसी के बीच एक विशाल क्षेत्र में स्थित होगी। इसके पास ही बालिकप्पन में पूर्वी कालीमंतन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और बंदरगाह है। नई राजधानी के राष्ट्रपति भवन को को डिज़ाइन करने के एक प्रतियोगिता आयोजित की गई थी जिसमें बाली द्वीप के कलाकार न्योमन नुआर्ता विजेता रहे।

नुसंतारा का मतलब

नुसंतारा एक लोकप्रिय शब्द है जिसका शाब्दिक अर्थ है बाहरी द्वीप या द्वीपसमूह। 1945 में स्वतंत्रता से पहले इस शब्द का उपयोग संपूर्ण समुद्री दक्षिण पूर्व एशिया या इंडोनेशिया (डच ईस्ट इंडीज) के संदर्भ में किया गया था।

Tags:    

Similar News