Russia-Ukraine War: यूक्रेन रेलवे स्टेशन पर मिसाइल हमले में 35 की मौत, रूस का Attack से इंकार

Russia-Ukraine War : यूक्रेन में नरसंहार के आरोपों से घिरा रूस लगातार यूक्रेन के प्रमुख ठिकानों को निशाना बना रहा है। ऐसा ही एक हमला पूर्वी यूक्रेन स्थित एक रेलवे स्टेशन पर किया है।

Published By :  aman
Update: 2022-04-08 11:56 GMT

यूक्रेन के रेलवे स्टेशन की तस्वीर 

Russia-Ukraine Conflict : तमाम वैश्विक प्रतिबंधों और दबावों के बीच यूक्रेन (Ukraine) पर रूस (Russia) का हमला जारी है। यूक्रेन में नरसंहार (Genocide in Ukraine) करने के आरोपों का सामना कर रहा रूस लगातार यूक्रेन के प्रमुख ठिकानों को निशाना बना रहा है। ऐसा ही एक हमला पूर्वी यूक्रेन स्थित एक रेलवे स्टेशन पर हुआ है। हालांकि, रूस ने ऐसे किसी हमले से इंकार किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस ने क्रूज मिसाइल (Cruise Missile) से रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया है। इस हमले में 35 लोगों के हताहत होने की सूचना है। वहीं 100 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।

हजारों की संख्या में स्टेशन पर थे लोग 

हमला पूर्वी यूक्रेन के डोनेट्स्क के क्रामटोरस्क में हुआ है। डोनेट्स्क के गवर्नर ने बताया कि हमला उस समय हुआ जब हजारों की संख्या में लोग स्टेशन पर मौजूद थे। दरअसल, पूर्वी यूक्रेन में बढ़ते रूसी हमले को देखते हुए ये लोग सुरक्षित ठिकानों की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। कुछ दिन पूर्व ही यूक्रेन सरकार ने यहां रह रहे लोगों को सुरक्षित जगह पर चले जाने की चेतावनी जारी की थी। 

जर्मनी का बूचा नरसंहार पर बड़ा दावा

नाटो (NATO) का सदस्य देश जर्मनी (Germany) ने बूचा नरसंहार (Bucha Massacre) को लेकर बड़ा दावा किया है। जर्मनी के खुफिया विभाग ने उपग्रह की मदद से रूसी सेना का रेडियो ट्रांसमिशन रिकॉर्ड किया है। इस बातचीत में रूसी सेना के अधिकारी सैनिकों को आम नागरिक की हत्या करने का आदेश दे रहे हैं। जर्मनी ने इस ऑडियो को रिलीज कर रूस पर लग रहे बूचा नरसंहार के आरोप की पुष्टि की है। जर्मनी ने कहा कि यह ऑडियो शहर का हो सकता है, जहां पिछले दिनों सैंकड़ों यूक्रेनी लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। हालांकि, रूस ने भी जर्मनी के इस दावे पर पलटवार करते हुए इसे प्रोपेगेंडा (Propaganda) बताया है।

पुतिन के परिवार पर भी कड़े प्रतिबंध 

बता दें कि रूस और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के बाद अब उनके परिवार के खिलाफ भी कड़े प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। अमेरिका के बाद अब ब्रिटेन ने भी राष्ट्रपति पुतिन की दोनों बेटियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। ये कार्रवाई रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की बेटियों पर भी हुआ है। युद्ध के बीच आस्ट्रेलिया ने यूक्रेन को मदद के तौर पर 20 बख्तरबंद गाड़ियां भेजी हैं। तो वहीं जापान ने रूस के खिलाफ कड़े प्रतिबंधों का ऐलान किया है। 

Tags:    

Similar News