बने लाशों के पहाड़: युद्ध में तबाह हो चुके यूक्रेन के शहर, रूसी सैनिक पीछे छोड़ गए बर्बरता का मंजर

Russia-Ukraine War: यूक्रेन में जारी जंग की अब तक की सबसे भयानक तस्वीर है बूचा नरसंहार (Bucha Massacre)। रूसी सैनिकों के जाने के बाद यहां एक ही जगह 410 से ज्यादा लाशें मिली।

Written By :  aman
Update: 2022-04-05 04:39 GMT

 रूस-यूक्रेन युद्ध

Russia-Ukraine War : रूस-यूक्रेन युद्ध ने काफी कुछ बदलकर रख दिया। खासकर, यूक्रेन की शक्लो सूरत। कभी खूबसूरत देश रहा यूक्रेन आज जर्जर मकानों और लाशों के ढेर से अटा पड़ा है। और ये सब हुआ है महज डेढ़ महीने के भीतर। इस छोटे अंतराल में यूक्रेन की तस्वीर ही बदल गई। अब इस देश के शहरों में सिर्फ दर्द, चीख, मौत और सन्नाटा ही बचा है। 

रूस-यूक्रेन विवाद (Russia-Ukraine Conflict) ने इस यूक्रेनी शहरों की पहचान ही बदलकर रख दी है। पहली नजर में देखकर लगता है कि इन शहरों ने कितनी यातनाएं झेली हैं। ये दर्द और पीड़ा सालों-साल यूक्रेनवासियों के जेहन से निकालें नहीं निकलेंगी। खूबसूरत शहर अब खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। शहर ही ये बताने के लिए काफी है कि वहां रहने वालों के साथ कितनी बर्बरता हुई होगी। जर्जर मकान उस दर्द का जीता-जागता उदाहरण है। यहां से नरसंहार की वो तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो लाशों का पहाड़ बनाती हैं। तो चलिए, जानते हैं रूसी आक्रमण के बाद यूक्रेन की तस्वीर कितनी बदल गई। 


बूचा नरसंहार और लाशों का पहाड़

यूक्रेन में जारी जंग की अब तक की सबसे भयानक तस्वीर है बूचा नरसंहार (Bucha Massacre)। रूसी सैनिकों के जाने के बाद यहां एक ही जगह 410 से ज्यादा लाशें मिली। ख़बरों में सामने आया है कि इन लोगों को मारने से पहले इनके साथ जो बर्बरता हुई, उसे जानकर कोई भी अंदर तक सिहर उठेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बूचा नरसंहार में ज्यादातर लाशों के हाथ बंधे हुए थे। उनके माथे पर गोली मारी गई थी। कहा जाता है कि मारने से पहले उनके हाथ बांधकर यातनाएं दी गई थीं। अब इन लाशों को दफनाने के लिए 45 फीट लंबी कब्र कीव में खोदी गई है।


हत्या, बलात्कार और लूट...बर्बरता की इंतहा 

इस नरसंहार के लिए यूक्रेन सीधे-सीधे रूस को जिम्मेदार ठहरा रहा है। बूचा से जारी तस्वीर सामने आने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने रूसी सैनिकों को 'हत्यारा' कहा। उन्होंने कहा, 'रूसी सैनिक हत्यारे हैं। वो बलात्कारी हैं। वो लुटेरे हैं।' वहीं, यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है, कि रूसी सैनिक जिन शहरों को छोड़कर जा रहे हैं, उसके पीछे एक भयानक मंजर नजर आता है। अधिकतर लाशें वहां मिल रही हैं, जहां रूसी सैनिकों ने अपना अड्डा बनाया था।


मैरियूपोल बन गया खंडहर

इस युद्ध में रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को भारी नुकसान पहुंचाया है। अधिकतर इमारतें अब खंडहर बन चुकी हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा नुकसान पोर्ट सिटी मैरियूपोल को हुआ है। यहां के मेयर कहते हैं, रूसी हमलों में मैरियूपोल 90 फीसदी तबाह हो चुका है। शहर पर कब्जे के लिए अभी भी रूस और यूक्रेन के सैनिकों के बीच गोलीबारी जारी है।



Tags:    

Similar News