अमेरिकी चुनाव: पहली डिबेट में लड़खड़ा गए बिडेन, ट्रम्प का पलड़ा भारी

US Elections 2024: जो बिडेन और डोनाल्ड ट्रंप एक-दूसरे को कतई पसंद नहीं करते हैं। और अटलांटा में आयोजित पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट में एक-दूसरे के प्रति गहरी नापसन्दगी फोकस में रही।

Newstrack :  Network
Update: 2024-06-28 07:42 GMT

US presidential debate 2024  (photo: social media )

US Elections 2024: जो बिडेन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट एक दूसरे पर तीखे हमलों से भरी रही। वर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति बिडेन और उनके पूर्ववर्ती ट्रम्प दोनों ने लगभग दो घंटे की बहस के दौरान निजी तौर पर एक दूसरे का अपमान और हमले करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

हाथ तक नहीं मिलाया

जगजाहिर है कि जो बिडेन और डोनाल्ड ट्रंप एक-दूसरे को कतई पसंद नहीं करते हैं। और अटलांटा में आयोजित पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट में एक-दूसरे के प्रति गहरी नापसन्दगी फोकस में रही।

बहस की शुरुआत में ही सही माहौल बन गया जब उन्होंने पारंपरिक हैंडशेक से इनकार कर दिया। दोनों उम्मीदवार अटलांटा स्थित सीएनएन स्टूडियो के अलग अलग और विपरीत छोर से आये। स्टूडियो में कोई भी दर्शक मौजूद नहीं था, लेकिन दोनों में से किसी ने भी हाथ नहीं बढ़ाया। साफ संकेत था कि वे विनम्र होने के मूड में नहीं थे।

- हाथ न मिलाने के अलावा दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर व्यक्तिगत हमले भी किए। बिडेन ने ट्रंप के चरित्र पर हमला किया और एक बार तो यहां तक कह दिया: "तुम बेवकूफ हो। तुम लूज़र (हारे हुए) हो।"

- अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रंप की कानूनी परेशानियों पर भी निशाना साधा और कहा कि वे दोषी ठहराए गए पहले पूर्व राष्ट्रपति होंगे। बिडेन ने कहा : "सोचिए कि आप पर कितने सिविल दंड हैं। सार्वजनिक रूप से एक महिला से छेड़छाड़ करने और अपनी पत्नी के गर्भवती होने की रात को एक पोर्न स्टार के साथ सेक्स करने के लिए आपको कितने बिलियन डॉलर का सिविल दंड देना होगा?" बिडेन ने कहा, "आपमें एक गली की बिल्ली जैसी नैतिकता है।"

- ट्रंप भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने बिडेन पर जमकर हमला बोला और उन्हें देश का अब तक का सबसे खराब राष्ट्रपति बताया। बहस के अंत में ट्रंप ने बिडेन को ऐसा व्यक्ति कहा जिसने अमेरिका को असुरक्षित बना दिया है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की प्रतिष्ठा को खराब किया है। राष्ट्रपति के तौर पर बिडेन के कार्यकाल के बारे में ट्रंप ने कहा, “साढ़े तीन साल से हम नरक में जी रहे हैं।”


बिडेन में दिखा उम्र का तकाजा

- बहस से पहले मुख्य मुद्दों में से एक यह था कि दोनों वृद्ध व्यक्ति मंच पर खुद को कैसे संभालेंगे। 81 वर्षीय बिडेन और 78 वर्षीय ट्रम्प दोनों से उनकी इस उम्र में शासन करने की क्षमता पर सवाल उठाए गए हैं। ट्रम्प की तुलना में बिडेन पर ज्यादा सवाल हैं।

- हालांकि, आज इस मुद्दे पर ट्रम्प स्पष्ट विजेता के रूप में उभरे। बहस के दौरान वह जोरदार तरीके से बोल रहे थे, जबकि राष्ट्रपति बिडेन बोलने में फिसल रहे थे और अपनी बात कहने में जोर लगाना पड़ रहा था।

- बहस के दौरान एक समय पर ट्रंप ने बिडेन पर हमला करने के लिए उनकी दिमागी अवस्था पर कमेंट किया। ट्रम्प ने कहा, "मुझे वाकई में नहीं पता कि उन्होंने उस वाक्य के अंत में क्या कहा। मुझे नहीं लगता कि उन्हें भी पता है कि उन्होंने क्या कहा।"

- पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने बिडेन को संज्ञानात्मक परीक्षण से गुजरने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि बिडेन इसे पास कर सकते हैं। ट्रम्प ने कहा - मैंने दो परीक्षण किए और मैंने उन दोनों में ही सफलता प्राप्त की, जैसा कि आप जानते हैं, हमने इसे सार्वजनिक किया। बिडेन ने कोई भी परीक्षण नहीं किया। मैं उन्हें एक, सिर्फ एक, एक बहुत आसान परीक्षण देते हुए देखना चाहता हूँ।

- ऐसा लगता है कि बिडेन का लड़खड़ाता प्रदर्शन डेमोक्रेट्स के लिए चिंता का विषय बन गया है।


कौन रहा विजेता?

करीब दो घंटे की बहस के अंत में, विजेता कौन बनकर उभरा? विशेषज्ञ और आम जनता में से कई लोग इस बहस को ट्रंप के पक्ष में मानते हैं। उन्होंने पाया कि वे बिडेन से ज़्यादा ऊर्जावान लग रहे थे।

यहां तक कि बिडेन की पूर्व संचार निदेशक केट बेडिंगफील्ड ने भी बहस के बाद सीएनएन से कहा: "इसमें कोई दो राय नहीं है, यह जो बिडेन के लिए अच्छी बहस नहीं थी।" उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा मुद्दा यह साबित करना था कि उनमें ऊर्जा और सहनशक्ति है, और वो ऐसा नहीं कर पाए।

अमेरिकी जनता को अब दोनों के बीच अगली राष्ट्रपति बहस के लिए 10 सितंबर तक इंतजार करना होगा। क्या वह बहस बिडेन को अपने प्रदर्शन में सुधार करने का मौका देगी? यह तो समय ही बताएगा।



Tags:    

Similar News