शिवराज पर दर्ज हो किसानों को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला

Update:2017-06-16 19:50 IST

भोपाल : मध्यप्रदेश में कर्ज से परेशान होकर किसानों द्वारा लगातार की जा रही आत्महत्या के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर 'आत्महत्या के लिए उकसाने' का मामला दर्ज करने की मांग की। आप के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने शुक्रवार को एमपी नगर थाने में मुख्यमंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन भी दिया।

आप के प्रदेश संयोजक अग्रवाल ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि राज्य में कर्ज और फसल के उचित दाम न मिलने के कारण किसान आत्महत्या कर रहे हैं। फसल के उचित दाम दिलवाने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की है, मगर सरकार ऐसा नहीं कर रही है। इसी के चलते किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

अग्रवाल ने एमपी नगर थाने में एक आवेदन देकर मुख्यमंत्री चौहान पर भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज करने का आग्रह किया। इस धारा के मुताबिक, जो व्यक्ति किसी को आत्महत्या के लिए बाध्य करता है, तो उसे 10 वर्ष कैद की सजा होती है।

पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि मध्यप्रदेश सरकार का यह कर्तव्य है कि वह यह सुनिश्चित करे कि सभी किसानों को उनकी फसल का पूरा दाम मिले। पिछले वर्षो में किसानों की हालत लगातार बदतर होने और उनके द्वारा आत्महत्या किए जाने के बावजूद सरकार ने किसानों की फसलों के दाम बढ़ाने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया है।

आवेदन में आगे लिखा गया है कि सरकार फसलों के दाम नहीं बढ़ा रही है, जिस कारण किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार और उसके मुखिया शिवराज सिंह चौहान किसानों को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के दोषी हैं। लिहाजा, उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाए और उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए।





Tags:    

Similar News