Arvind Kejriwal राज्यसभा जायेंगे? संजीव अरोड़ा के कैंडिडेट घोषित होने के बाद बढ़ी संभावना

Punjab News: गुरप्रीत गोगी बस्सी के निधन के बाद लुधियाना पश्चिम सीट रिक्त हो गयी थी। जिसके लिए उपचुनाव होना है। निर्वाचन आयोग ने रिक्त हुई सीट के लिए अभी तक चुनाव की तिथियों का ऐलान नहीं किया है।;

Written By :  Shishumanjali kharwar
Update:2025-02-26 12:52 IST

arvind kejriwal

Punjab News: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद पंजाब में बड़ा दांव चला है। पार्टी ने लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार घोषित किया है। साल 2022 में संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) राज्यसभा सांसद बने थे। अरोड़ा का लगभग तीन साल का कार्यकाल बाकी है। संजीव अरोड़ा को उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाने के ऐलान के बाद सियासी गलियारों में इसके कई मतलब निकाले जाने लगे हैं।

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गयी है कि क्या आप संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पंजाब से राज्यसभा जायेंगे। हालांकि अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने को पार्टी ने अटकल करार दिया है। उल्लेखनीय है कि गुरप्रीत गोगी बस्सी (Gurpreet Gogi) के निधन के बाद लुधियाना वेस्ट सीट रिक्त हो गयी थी। जिसके लिए उपचुनाव होना है। निर्वाचन आयोग ने रिक्त हुई सीट के लिए अभी तक चुनाव की तिथियों का ऐलान नहीं किया है। लेकिन इससे पहले आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है।

हालांकि संभावना यह जतायी जा रही थी कि ‘आप’ गुरप्रीत गोगी बस्सी की पत्नी को इस सीट पर दावेदार बना सकती है। लेकिन संजीव अरोड़ा के नाम के ऐलान होने के बाद इसकी संभावना खत्म हो गयी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संजीव अरोड़ा राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा चुनाव लड़ने से पहले देंगे या फिर उपचुनाव हो जाने के बाद बाद।

लेकिन इतना जरूर तय माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा पहुंचने का रास्ता जरूर साफ हो जाएगा। माना जा रहा है कि साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव के साथ ही पंजाब की रिक्त हुई लुधियाना वेस्ट सीट का उपचुनाव भी होगा।

कौन हैं संजीव अरोड़ा?

संजीव अरोड़ा एक्सपोर्ट इंडस्ट्री में प्राइमरी बिजनेस करते हैं। बीते तीन दशकों से वह रितेश इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी चला रहे हैं। संजीव अरोड़ा का ऑफिस वर्जीनिया में हैं और उनकी कंपनी यूएसए को निर्यात करती है। संजीव अरोड़ा ने चंडीगढ़ रोड पर हैम्पटन बिजनेस पार्क और हैम्पटन होम्स भी बनवाया है। जोकि 70 इंडस्ट्री के लिए एक हब के तौर पर कार्य करता है।

साल 2018 में संजीव अरोड़ा ने फेमेला फैशन लिमिटेड कंपनी लॉन्च की थी। 2019 में उन्होंने मेटल बिजनेस में कदम रखा। मेक इन इंडिया योजना के तहत सुजुकी मोटर्स के साथ उनकी पार्टनरशिप है। 10 अप्रैल 2022 को संजीव अरोड़ा पंजाब से राज्यसभा सदस्य बने थे। उनका कार्यकाल 2028 तक है।

Tags:    

Similar News