UP News Today: सिद्धार्थ नाथ सिंह और श्रीकांत शर्मा की चुनावी राज्यों में तैनाती, भाजपा नेतृत्व ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

UP News Today: यूपी के 200 विधायकों को चुनावी सर्वे के काम में लगाने के बाद अब सिद्धार्थ नाथ सिंह और श्रीकांत शर्मा को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Update: 2023-08-23 11:04 GMT
Siddharth Nath Singh and Shrikant Sharma (Photo- Social Media)

UP News Today: राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से दूसरे राज्यों के नेताओं को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। यूपी के 200 विधायकों को चुनावी सर्वे के काम में लगाने के बाद अब सिद्धार्थ नाथ सिंह और श्रीकांत शर्मा को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रीकांत शर्मा को राजस्थान में मीडिया और सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है जबकि सिद्धार्थ नाथ सिंह को छत्तीसगढ़ में मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभारी के रूप में कमान सौंपी गई है।

दरअसल इन तीनों राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर भी इन नतीजे का खासा असर दिखने की संभावना जताई जा रही है। इसी कारण भाजपा का शीर्ष नेतृत्व दूसरे राज्यों के अनुभवी पार्टी नेताओं को इन चुनावी राज्यों में तैनात कर रहा है। इसी सिलसिले में अब सिद्धार्थ नाथ सिंह और श्रीकांत शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

छत्तीसगढ़ में मोर्चा संभालेंगे सिद्धार्थनाथ सिंह

प्रयागराज की शहर पश्चिमी विधानसभा सीट से चुनाव जीतने वाले सिद्धार्थ नाथ सिंह पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भरोसा जताया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह गुजरात, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक के विधानसभा चुनावों के दौरान भी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वे उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता रहने के साथ ही योगी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उन्हें छत्तीसगढ़ में मीडिया और प्रचार प्रसार प्रभारी की भूमिका निभाने का निर्देश दिया है।

सिद्धार्थ नाथ सिंह को यह जिम्मेदारी सौंप जाने के बाद प्रयागराज में भाजपा नेताओं की बैठक के दौरान उन्हें बधाई दी गई। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि वे अपने मिशन में कामयाब साबित होंगे।

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से जिम्मेदारी सौंप जाने के बाद सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि मैं पहले भी पार्टी के लिए दूसरे राज्यों में कम कर चुका हूं और अब पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगाऊंगा। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने छत्तीसगढ़ पहुंच कर अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। उन्होंने मीडिया विभाग के प्रभारियों और सदस्यों के साथ बैठक करके चुनावी रणनीति पर चर्चा भी की है।

श्रीकांत शर्मा को राजस्थान में मिली जिम्मेदारी

सिद्धार्थ नाथ सिंह की तरह ही श्रीकांत शर्मा पर भी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भरोसा जताते हुए उन्हें राजस्थान के चुनावी मोर्चे पर लगाया है। योगी आदित्यनाथ की पिछली सरकार में श्रीकांत शर्मा महत्वपूर्ण भूमिका में थे और उन्हें बिजली विभाग की जिम्मेदारी सौंप गई थी। हालांकि योगी के दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया। 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद उनके क्षेत्र में सक्रिय न होने की शिकायतें थीं मगर इसके बावजूद 2022 में योगी लहर में उनकी नैया पार हो गई।

अब पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें राजस्थान में मीडिया और सोशल मीडिया प्रभारी के तौर पर बड़ा दायित्व सौंपा गया है। राजस्थान के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। राज्य में लंबे समय से हर पांच साल पर सत्ता बदलाव का ट्रेंड रहा है मगर इस बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अगुवाई में कांग्रेस ने पूरी ताकत लगा रखी है। ऐसे में श्रीकांत शर्मा को राजस्थान के चुनाव में बड़ी भूमिका निभानी होगी।

Tags:    

Similar News