Congress President Kharge In Action: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने अपनाए कड़े तेवर, कहा - जिम्मेदारी न निभा पाने वालों को छोड़ना होगा पद

Congress President Kharge In Action: दिल्ली में कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ऐसे नेताओं को अपनी कार्य संस्कृति बदलने को लेकर स्पष्ट संकेत दे दिया है।

Update: 2022-12-04 10:30 GMT

Congress President Kharge In Action: लंबे समय तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी (Congress party) चुनावों में लगातार शिकस्त का सामना कर रही है। राज्य दर राज्य देश की सबसे पुरानी पार्टी का सफाया होता जा रहा है। देश के सियासी नक्शे पर पार्टी लगातार सिकुड़ रही है, उसका स्थान या तो बीजेपी ले रही है या क्षेत्रीय पार्टियां। कांग्रेस की इस हालत के लिए कमजोर संगठन को जिम्मेदार माना जाता रहा है। ऐसे में संगठन को कसने की कवायद शुरू कर दी गई है।

पार्टी के निशाने पर ऐसे नेता हैं, जो लंबे समय से महत्वपूर्ण पदों पर काबिज हैं। लेकिन जरूरी स्तर की सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं। इससे जमीन पर पार्टी की उपस्थिति भी नहीं दिखती और संगठन में युवा और ताजा चेहरे की एंट्री भी नहीं हो पाती। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन

खड़गे (Congress President Mallikarjuna Kharge) ने ऐसे नेताओं को अपनी कार्य संस्कृति बदलने को लेकर स्पष्ट संकेत दे दिया है। खड़गे ने कहा जो लोग अपनी जिम्मेदारी निभाने में अक्षम हैं, उन्हें नए लोगों को मौका देना चाहिए।

महासचिवों और प्रभारियों से मांगा 2024 का प्लान

कांग्रेस पार्टी के लिए साल 2024 का लोकसभा चुनाव ( Lok Sabha Election 2024) बेहद अहम होने जा रहा है। एक तरह से पार्टी के लिए ये करो या मरो वाली स्थिति होगी। क्योंकि एक और बड़ी हार पार्टी के जनाधार को खतरे में डाल सकती है, जिसे लपकने के लिए क्षेत्रीय पार्टियां मुंह बाये खड़ी है। 2024 के आम चुनाव से पहले कई महत्वपूर्ण राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां सीधी टक्कर कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। इन चुनावों में साल भर से भी कम का समय रह गया है।

संचालन समिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष ने महासचिवों और प्रभारियों को 90 दिन के अंदर विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तैयारियों का खाका पेश करने को कहा है। खड़गे ने महासचिवों औऱ प्रभारियों से उनके प्रदेश में संगठन के हाल के बारे में जाना। ब्लॉक एवं जिला स्तर पर अधिक से अधिक नए लोगों को मौका दिया गया या नहीं ? उन्होंने कहा, जिन प्रांतों में आज से साल 2024 के बीच विधानसभा चुनाव होने हैं, वहीं चुनाव तक क्या योजना और कार्यक्रम है ? इसकी रिपोर्ट बनाकर दें।

जिम्मेदारी न निभा पाने वालों को छोड़ना होगा पद

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संगठन में अहम पदों पर बैठे नेताओं को दो टूक कह दिया कि जिम्मेदारी न निभा पाने की सूरत में संबंधित नेताओं को अपना पद त्यागना होगा। उन्होंने कहा, कुछ साथियों ने मान लिया है कि जिम्मेदारी निभाने में कमी को नजरअंदाज कर दिया जाएगा। यह न तो ठीक है और न ही इसे मंजूर किया जा सकता। जो लोग जिम्मेदारी निभाने में अक्षम हैं, उन्हें नए साथियों को मौका देना पड़ेगा।

भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ

मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) की तारीफ करते हुए कहा कि अब यह एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुकी है। देश के करोड़ों लोग राहुल गांधी औऱ कांग्रेस के संकल्प से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में वो लोग भी शामिल हैं, जो कभी हमारी आलोचना किया करते थे। 88 दिनों की यात्रा पूरा करने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मध्य प्रदेश से राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेंगे।

बता दें कि कांग्रेस की संचालन समिति की बैठक में खड़गे के अलावा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, केसी वेणुगोपाल, पी. चिदंबरम और अंबिका सोनी समेत पार्टी के कई वरीय नेता शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा में होने के कारण राहुल गांधी बैठक में शामिल नहीं हो पाए। कांग्रेस ने शीतकालीन सत्र के शुरू होने से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को राज्यसभा में विपक्ष के नेता के पद पर बनाए रखने का निर्णय लिया है।

Tags:    

Similar News