Heavy Rain in Delhi: भारी बारिश के कारण बिगड़ी दिल्ली की स्थिति, हर तरफ पानी ही पानी, इन रास्तों पर जाने से बचें

Heavy Rain Alert Delhi Traffic Jam: नई दिल्ली में बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है। पड़ोसी राज्य हरियाणा द्वारा पानी छोड़ने के बाद यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।

Update: 2023-07-11 02:44 GMT
Heavy Rain Alert Delhi Traffic Jam (photo: social media )

Heavy Rain in Delhi Traffic Jam: मानसून की बारिश ने उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में प्रलय ला दिया है। मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाके भारी बारिश से तरबतर हैं। आसमान से इतना अधिक पानी गिर रहा है कि नीचे सिस्टम इसे मैनेज करने में लाचार दिख रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हालात बेहद खराब हो चुके हैं। शहर के पॉश इलाके जहां देश को चलाने वाले लोग रहते हैं, वह एरिया भी पानी में डूब चुका है।

नई दिल्ली में बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है। पड़ोसी राज्य हरियाणा द्वारा पानी छोड़ने के बाद यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुराने यमुना ब्रिज पर रेत यातायात को आज यानी मंगलवार 11 जुलाई सुबह 6 बजे से बंद कर दिया गया है। नदी के तट पर रह रहे लोगों को हटाया जा रहा है। उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

इन इलाकों में रहेगी जाम की स्थिति

दिल्ली में लगातार बारिश से सड़कें तालाब बन चुकी हैं। मुख्य मार्गों पर कई फीट पानी भर गया है, जिसके कारण कुछ गाड़ियां सड़क पर ही फंस गईं। जिन्हें फिर क्रेन की मदद से हटाया गया। सड़कों पर जलजमाव होने के कारण भयानक ट्रैफिक देखने को मिल रहा है। आंधी-तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ भी टूटकर सड़क पर गिर गए। इन सब समस्याओं को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर प्रभावित इलाकों से सफर न करने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर नरेला की ओर जाने वाले लोगों को रामदेव मार्ग का इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। क्योंकि वहां सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है। वहीं, संगम विहार इलाके के हेमकुंड कॉलोनी सड़क पर पेड़ के गिर जाने के कारण ट्रैफिर प्रभावित है। इसी प्रकार रोहतक रोड, नजफगढ़ रोड, रिंग रोड, चट्टा रेल रोड, राम बाग रोड, शिवाजी मार्ग और गाजीपुर डेयरी सड़क मार्ग जैसे रास्तों पर जलजमाव हो की जानकारी दी गई है। ऐसे में अगर आप आज दिल्ली में कहीं निकलने का प्लान बना रहें हैं तो दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी पर एक नजर जरूर दौड़ा लें।

सीएम केजरीवाल ने खड़े किए हाथ

दिल्ली में बरसात ने 41 साल का अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जिसके कारण लगभग पूरा शहर जलमग्न हो चुका है। नेता, अफसर से लेकर हाईकोर्ट तक इससे प्रभावित हैं। प्रशासन अब खुद को लाचार महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तो साफ-साफ कह दिया। उन्होंने कहा कि हमारा सिस्टम ऐसी बारिश के लिए नहीं बना, इस समय सभी राज्यों के साथ मिलकर काम करना है।

Tags:    

Similar News