Karnataka Election 2023: कर्नाटक में भाजपा को PM मोदी के करिश्मे पर भरोसा, अतीक-अशरफ कांड के बाद और बढ़ी योगी की डिमांड

Karnataka Election 2023: कर्नाटक के चुनावी दंगल में भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्मे पर एक बार फिर भरोसा है। पीएम मोदी की डेढ़ से दो दर्जन चुनावी सभाएं आयोजित करने की तैयारी है।

Update: 2023-04-20 10:12 GMT
CM Yogi and PM Modi (photo: social media )

Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए आज नामांकन का काम पूरा होने के बाद जोरदार प्रचार युद्ध छिड़ने की बिसात बिछ गई है। दक्षिण भारत में अपने एकमात्र दुर्ग को बचाने के लिए भाजपा ने जोरदार अभियान की रणनीति तैयार की है। नामांकन का काम पूरा होने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के सभी दिग्गज नेता ताबड़तोड़ दौरों के जरिए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को घेरने की कोशिश करेंगे। कर्नाटक के चुनावी दंगल में भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्मे पर एक बार फिर भरोसा है। पीएम मोदी की डेढ़ से दो दर्जन चुनावी सभाएं आयोजित करने की तैयारी है।

भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भारी डिमांड है। भाजपा नेताओं की ओर से योगी की पहले से ही डिमांड की जा रही थी मगर उत्तर प्रदेश में हाल में हुए अतीक-अशरफ हत्याकांड और अपराधियों के खिलाफ योगी की मुहिम के बाद उनकी डिमांड और बढ़ गई है। यही कारण है कि भाजपा के प्रचार अभियान में योगी का बड़े पैमाने पर उपयोग किए जाने की संभावना है।

नामांकन के बाद पूरी ताकत झोंकने की तैयारी

कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में आज नामांकन का आखिरी दिन है और आखिरी दिन बाकी बचे हुए सारे प्रत्याशियों की ओर से पर्चे दाखिल किए जाएंगे। राज्य में चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद से ही जोरदार प्रचार अभियान शुरू हो चुका है मगर नामांकन का काम खत्म होने के बाद अब प्रचार अभियान में और ताकत झोंकने की तैयारी है। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दौरे के साथ पार्टी का प्रचार अभियान और तेज हो गया है।

भाजपा को मोदी के करिश्मे पर भरोसा

कर्नाटक में भाजपा की ओर से 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई है मगर राज्य में चुनावी सभाओं के लिए सबसे ज्यादा मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही राज्य में अपनी चुनावी सभाओं की शुरुआत करेंगे। सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी की चुनावी सभाओं के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस बार के चुनाव में पीएम मोदी के डेढ़ से दो दर्जन चुनावी सभाएं करने का अनुमान है। भाजपा की ओर से 25 अप्रैल से 8 मई तक जोरदार प्रचार अभियान छेड़ने की तैयारी है और इसके केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी होंगे। भाजपा नेताओं को पीएम मोदी के करिश्मे पर एक बार फिर भरोसा है।

कर्नाटक में और बढ़ी योगी की डिमांड

भाजपा में टिकटों के बंटवारे के बाद कई बड़े नेताओं की ओर से की गई बगावत के बाद पार्टी नेता समीकरण साधने की कोशिश में जुट गए हैं। भाजपा सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभाओं की भारी डिमांड है। उत्तर प्रदेश में हाल में हुए माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के हत्याकांड और अपराधियों के खिलाफ योगी की ओर से छेड़ी गई मुहिम की वजह से उनकी डिमांड और बढ़ गई है।

उत्तर प्रदेश में योगी ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी मुहिम छेड़ रखी है और माफिया और उसके गुर्गों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। कर्नाटक चुनाव में इसकी भी गूंज सुनाई दे रही है। माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के कारण योगी और मजबूत बनकर उभरे हैं।

विभिन्न क्षेत्रों में उतारे गए भाजपा प्रत्याशियों की ओर से योगी की सभाओं की डिमांड की जा रही है। माना जा रहा है कि योगी भाजपा कर्नाटक में भाजपा का समीकरण साधने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

कर्नाटक चुनाव में योगी का काफी उपयोग किए जाने की संभावना है मगर यूपी में निकाय चुनाव में योगी की व्यस्तता की वजह से उनके कार्यक्रम में संतुलन बनाने की कोशिश की जा रही है।

शाह और नड्डा भी छेड़ेंगे बड़ा अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के अलावा गृह मंत्री अमित शाह,भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी भाजपा के प्रचार अभियान में बड़ी भूमिका निभाएंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक गृहमंत्री शाह और नड्डा राज्य में 30-30 चुनावी सभाएं कर सकते हैं। इन सभाओं के अलावा इन दोनों नेताओं के कई रोड शो भी करने की उम्मीद है।

इन नेताओं के अलावा भाजपा की ओर से कई और केंद्रीय मंत्रियों को भी उतारने की तैयारी है। इन मंत्रियों में स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारमण, मनसुख मंडाविया और प्रहलाद जोशी आदि शामिल हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी भाजपा के प्रचार अभियान में बड़ी भूमिका निभाएंगे।

भाजपा की आखिरी सूची जारी

इस बीच कर्नाटक चुनाव के लिए भाजपा की ओर से चौथी और आखिरी सूची भी जारी कर दी गई है। भाजपा ने शिमोगा से राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम केएस ईश्वरप्पा के परिवार के किसी सदस्य को टिकट नहीं दिया है। इस सीट से चन्नाबसप्पा को चुनाव मैदान में उतारा गया है। अपना टिकट काटे जाने के बाद ईश्वरप्पा अपने बेटे को टिकट दिलाना चाहते थे मगर पार्टी ने उनके बेटे को भी टिकट नहीं दिया है।

Tags:    

Similar News