प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में अपने भाषण को रोककर हाथरस घटना पर जताया, बोले- हरसंभव मदद की जाएगी

Hathras News : हाथरस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब दे रहे थे। इसी दौरान उन्हें इस घटना का पता चला और फिर उन्होंने भाषण को बीच में रोककर दुख जताया।

Report :  Rajnish Verma
Update: 2024-07-02 13:01 GMT

Hathras  News : हाथरस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब दे रहे थे। इसी दौरान उन्हें इस घटना का पता चला और फिर उन्होंने भाषण को बीच में रोककर दुख जताया।

पीएम मोदी ने कहा कि इस समय चर्चा के बीच अभी मुझे एक दुःखद खबर भी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में मची भगदड़ में कई लोगों के मरने की खबर है। मैं इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी लगातार उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में हैं। मैं इस सदन के माध्यम से सभी को आश्वस्त करता हूं कि पीड़ितों की हरसंभव मदद की जाएगी।

गृहमंत्री अमित शाह ने घटना पर दुख व्यक्त किया

गृहमंत्री अमित शाह ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुःखद हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुर्घटना में जान गँवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह कष्ट सहने की शक्ति दें। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

राष्ट्रपति ने संवेदना व्यक्त की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

राहत और बचाव कार्यक्रम में जुटें कार्यकर्ता : राहुल गांधी

कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों को हर संभव उपचार एवं पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएं। INDIA के सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत और बचाव में अपना सहयोग प्रदान करें।


प्रियंका गांधी ने घटना पर जताया दुख

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हाथरस, उत्तर प्रदेश में सत्संग के दौरान भगदड़ की वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। राज्य सरकार से मेरी अपील है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा देने एवं घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।


Tags:    

Similar News