'मैं चाहता हूं हिमंत बिस्वा और मिलिंद देवड़ा जैसे नेता कांग्रेस छोड़ दें', पश्चिम बंगाल में बोले राहुल गांधी

Rahul Gandhi News: पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी बोले, उन्हें हिमंत बिस्वा सरमा और मिलिंद देवड़ा जैसे लोगों के कांग्रेस छोड़कर चले जाने से कोई आपत्ति नहीं। ऐसे नेता अगर कांग्रेस को छोड़कर चले जाएं तो अच्छा है।;

Report :  aman
twitter icon
Update:2024-02-02 19:46 IST
Rahul Gandhi News

राहुल गांधी, मिलिंद देवड़ा और हिमंत बिस्वा सरमा (Social Media) 

  • whatsapp icon

Such Leaders Leave Congress : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि, उन्हें हिमंत बिस्वा सरमा और मिलिंद देवड़ा जैसे लोगों के कांग्रेस छोड़कर चले जाने से कोई आपत्ति नहीं है। कांग्रेस नेता ने ये बातें 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' (Bharat Jodo Nyay Yatra) के दौरान पश्चिम बंगाल में 'डिजिटल मीडिया' से बातचीत में कही।

दरअसल, राहुल गांधी कांग्रेस के 'डिजिटल मीडिया योद्धाओं' को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान राहुल से कांग्रेस के कमजोर होने और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा से जुड़ा सवाल पूछा गया था। जिस पर राहुल गांधी ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि हिमंत बिस्वा और मिलिंद देवड़ा जैसे लोग चले जाएं। मैं इससे पूरी तरह सहमत हूं। हिमंत एक विशेष तरह की राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो कांग्रेस की विचारधारा नहीं है। क्या आपने मुसलमानों के बारे में हिमंत के दिए गए कुछ बयान देखे हैं? मेरे पास कुछ निश्चित मूल्य हैं। मैं उनका बचाव करूंगा।' बता दें, उनकी यात्रा का अगला पड़ाव अब झारखंड है। 

राहुल-हिमंत बिस्वा में खूब चली जुबानी जंग

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा हाल ही में असम होकर गुजरी थी। उस दौरान राहुल गांधी और हिमंत बिस्वा सरमा के बीच जुबानी जंग भी देखने को मिली थी। दोनों नेता एक-दूसरे पर निशाना साधते रहे। हिमंत बिस्वा ने 22 जनवरी को राहुल गांधी पर असम में 'अशांति भड़काने की कोशिश' का गंभीर आरोप लगाया था। वहीं, राहुल ने भी पलटवार करते हुए हिमंत बिस्वा को देश का 'सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री' कहा था।

मिलिंद देवड़ा पर भी बिफरे राहुल

इस बीच राहुल गांधी ने हिमंत की ही तरह अपने बयान में मिलिंद देवड़ा का भी जिक्र किया। आपको बता दें, मिलिंद देवड़ा महाराष्ट्र के पुराने कांग्रेसी नेता थे, जिन्होंने महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर असहमति के बाद पार्टी छोड़ एकनाथ शिंदे के खेमे वाली शिवसेना का दामन थाम लिया।

CAA 'धार्मिक आधार पर विभाजन को बढ़ावा' देने वाला

गौरतलब है कि, कांग्रेस के कई बड़े चेहरे अब तक पार्टी का दामन छोड़ चुके हैं। इनमें अधिकांश बीजेपी में शामिल हुए। जिनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद, पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सुनील जाखड़, प्रियंका चतुर्वेदी, हार्दिक पटेल, सुष्मिता देव और आरपीएन सिंह सरीखे नेता हैं। हाल के वर्षों में कांग्रेस से नाता तोड़ने वाले नेताओं की बाढ़ आ गई। राहुल ने देश में CAA को लागू किए जाने संबंधी बीजेपी नेताओं के हालिया दावों पर टिप्पणी की। राहुल ने 'धार्मिक आधार पर विभाजन को बढ़ावा' देने के लिए बीजेपी द्वारा इस्तेमाल किए गए एक उपकरण के रूप में इस कानून की निंदा की।

Tags:    

Similar News