दिल्ली में RSS का नया 'केशव कुंज' कार्यालय तैयार, शिवाजी जयंती पर होगा प्रवेशोत्सव

RSS New Headquarters: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का नया अत्याधुनिक मुख्यालय "केशव कुंज" बनकर तैयार है। 150 करोड़ रुपये के दान से निर्मित इस कार्यालय में भारतीय संस्कृति, सादगी और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।;

Newstrack :  Network
Update:2025-02-12 21:59 IST

RSS's new 'Keshav Kunj' headquarters ready in Delhi (Photo: Social Media)

RSS New Headquarters: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का नया अत्याधुनिक मुख्यालय "केशव कुंज" बनकर तैयार है। 150 करोड़ रुपये के दान से निर्मित इस कार्यालय में भारतीय संस्कृति, सादगी और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस नए परिसर का प्रवेशोत्सव 19 फरवरी को शिवाजी जयंती के अवसर पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।


इतिहास और निर्माण की यात्रा

दिल्ली के झंडेवालान में संघ का कार्यालय पहली बार 1939 में शुरू हुआ था, जिसे 1962 और 1980 में समय-समय पर विस्तारित किया गया। संघ के संस्थापक और पहले सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के सम्मान में इसे "केशव कुंज" नाम दिया गया था। संघ कार्यों के विस्तार के चलते आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन की आवश्यकता महसूस हुई, जिसके लिए 2016 में डॉ. मोहन भागवत ने भूमि पूजन किया।


भव्यता और आधुनिकता का मिश्रण

गुजरात के आर्किटेक्ट अनूप दुबे द्वारा डिज़ाइन किए गए इस परिसर का निर्माण 4 एकड़ भूमि पर किया गया है, जिसमें 5 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैले तीन टावर शामिल हैं—"साधना", "प्रेरणा" और "अर्चना"।

• "साधना" टॉवर: इसमें भारत प्रकाशन, सुरुचि प्रकाशन, प्रचार-प्रसार विभाग और पत्रिकाएं "पांचजन्य" व "ऑर्गनाइज़र" के कार्यालय होंगे।

• "प्रेरणा" टॉवर: इसमें सरसंघचालक, सर कार्यवाह और अन्य अखिल भारतीय पदाधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था होगी।

• "अर्चना" टॉवर: इसमें कर्मचारियों, प्रवासी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।

इन टावरों के बीच "संघ स्थान" बनाया गया है, जहां शाखाएं और स्वयंसेवकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


संरचना और सुविधाएं

• लाइब्रेरी: 8वीं मंजिल पर बनी अत्याधुनिक लाइब्रेरी में 8,000 से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिनमें संविधान, हिंदुत्व, बौद्ध धर्म, जैन धर्म, इस्लाम समेत विभिन्न धर्मों पर सामग्री मौजूद है।

• बैठक हॉल: 3 बड़े हॉल बनाए गए हैं—अशोक सिंघल सभागार (463 सीटें), दूसरा हॉल (650 सीटें) और तीसरा हॉल (250 सीटें)।

• मीडिया सेंटर: प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए LED से सुसज्जित आधुनिक कक्ष बनाया गया है।

• भोजनालय: एक साथ 80 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।

• मेडिकल सुविधाएं: भूतल पर आम जनता के लिए खुली एक डिस्पेंसरी और 5 बेड का छोटा इंटरनल हॉस्पिटल भी बनाया गया है।

• पर्यावरण संरक्षण: 140 kW का सोलर पैनल, ग्रेनाइट के दरवाजे-खिड़की फ्रेम और वेस्ट ट्रीटमेंट सिस्टम लगाया गया है।

सुरक्षा और आधुनिकता का संयोजन

इस अत्याधुनिक कार्यालय का निर्माण सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। भवन की संरचना भारतीय स्थापत्य संस्कृति को समेटे हुए है, जो आधुनिक होते हुए भी संघ की सादगी का प्रतीक बनी रहेगी।

Tags:    

Similar News