देशद्रोह का आरोपी शरजील इमाम गिरफ्तार, दिया था देश को तोड़ने वाला बयान

जवाहरलाल नेहरू विश्‍वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र शरजील इमाम को बिहार के जहानाबाद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शरजील इमाम पर देशद्रोह का आरोप है।

Update: 2020-01-28 09:50 GMT

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्‍वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र शरजील इमाम को बिहार के जहानाबाद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शरजील इमाम पर देशद्रोह का आरोप है। बिहार के जहानाबाद से शरजील को दिल्ली और बिहार की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इससे पहले सोमवार रात को उसके भाई और दोस्त को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। शरजील को दिल्ली, बिहार, असम, अरुणाचल, मणिपुर और उत्तर प्रदेश की पुलिस तलाश रही थीं। उसके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज है। शरजील ने असम को भारत से अलग करने का भड़काऊ बयान दिया था जिसका वीडियो वायरल हुआ था।

गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने शरजील को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को ट्रांजिट रिमांड दी है। अब इसके बाद उसे दिल्ली लाया जाएगा।

यह भी पढ़ें...अमित शाह ने केजरीवाल का किया पलटवार, कहा- उनकी बात ही मानेंगे प्रदर्शनकारी

शरजील के भाई से पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस ने इस ऑपरेशन को पूरा किया। शरजील को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ के लिए उसे जहानाबाद के काको थाना ले जाया गया है। बता दें कि शरजील ने एक वीडियो में असम को भारत से अलग करने का बयान दिया था, तो वहीं दूसरे वीडियो में शरजील ने मुसलमानों से देशभर में चक्का जाम करने की बात की थी।

दिल्ली पुलिस की प्रेस कांफ्रेंस

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में 25 जनवरी को एफआईर दर्ज किया गया था। उसके दो वीडियो वायरल हुए थे। जामिया का वीडियो 13 दिसंबर का है जबकि अलीगढ़ वाला वीडियो 16 जनवरी का है। भाषण की टोन देशद्रोह वाली थी, इसीलिए पुलिस ने राजद्रोह की धारा 124ए और 153 ए के तहत केस दर्ज किया है।

शरजील को 25 जनवरी को फूलवारी शरीफ में देखा गया था। इसीलिए पुलिस की टीम तुरंत 26 जनवरी को पटना पहुंची। बिहार पुलिस ने बहुत सहयोग किया। 27 जनवरी की रात को शरजील का भाई मिला। छापेमारी में वहां से बहुत जानकारी मिली। फिर मंगलवार को 2 बजे पहले हिरासत में लिया और फिर गिरफ्तार किया। शरजील को दिल्ली लाया जाएगा।

दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि शरजील जल्द ही मिल जाएगा। उसकी तलाश के लिए गठित पांच टीमों ने मुंबई, दिल्ली, पटना के कई इलाकों में छापेमारी की थी।

यह भी पढ़ें...गुजरात दंगों पर बड़ा फैसला: सुप्रीम कोर्ट ने 17 दोषियों को दी जमानत

इससे पहले दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के ही एक अधिकारी ने बताया था वह पुलिस के रेडार से गायब हो चुका है। चिंता है कि नेपाल न निकल गया हो। नेपाल चला गया तो उसे भारत लाने में बहुत मुश्किल हो सकती है, क्योंकि तमाम कानूनी अड़चनों से सामना करना होगा।



शरजील इमाम की गिरफ्तारी के बाद गिरिराज सिंह ने केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जी, शरजील इमाम तो पकड़ा गया, अमित शाह जी ने कर दिखाया। ये सब टुकड़े टुकड़े गैंग देश तोड़ने का काम करें और आप उसको बचाने के लिए फाइल दबा के बैठे रहो।

यह भी पढ़ें...
NCC की रैली में बोले पीएम मोदी- पाकिस्तान को हराने में 10 दिन भी नहीं लगेंगे

शरजील इमाम की गिरफ्तारी के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि इन दिनों देश का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है उसे सामान्य किया जाना चाहिए। लेकिन, ये भी है कि सब हमलोगों के चाहने से नहीं होगा। दिल्ली पुलिस ने अपना काम किया है। बिहार पुलिस ने सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि इस धरती पर कोई नहीं जो भारत के टुकड़े कर सके।

नीतीश कुमार ने कहा कि शरजील अहमद को बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस की मदद से दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। इस तरह देश के खिलाफ दिए जाने वाले बयान गलत हैं इसपर अब कोर्ट कार्रवाई तय करेगी।

Tags:    

Similar News