UP-DAY: मुंबई में 23 जनवरी को बनारस के DM समेत कई हस्‍तियों को मिलेगा सम्‍मान 

यूपी दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर मुंबई में होनेवाले एक भव्य समारोह में वाराणसी के डीएम योगेश्वरराम मिश्र  को मुम्बई की सामजिक सांस्कृतिक संस्था अभियान का प्रतिष्ठित डॉ राममनोहर त्रिपाठी स्मृति सम्मान प्रदान किया जायेगा।

Update: 2018-01-18 15:54 GMT
UP-DAY: मुंबई में 23 जनवरी को बनारस के DM समेत कई हस्‍तियों को मिलेगा सम्‍मान

लखनऊ: यूपी दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर मुंबई में होनेवाले एक भव्य समारोह में वाराणसी के डीएम योगेश्वरराम मिश्र को मुम्बई की सामजिक सांस्कृतिक संस्था अभियान का प्रतिष्ठित डॉ राममनोहर त्रिपाठी स्मृति सम्मान प्रदान किया जायेगा।

हिंदी भाषियों और हिंदी साहित्य -पत्रकारिता में सर्वाधिक लोकप्रिय रहे स्वर्गीय डॉ त्रिपाठी की तरह ही लोकभाषा व लोक संस्कृति को पुष्पित पल्लवित करनेवाले यूपी प्रशासनिक सेवा के अधिकारी योगेश्वरराम मिश्र भी हिंदी साहित्य और अध्यात्म में गहरी रूचि रखते हैं।अभियान द्वारा दिए जानेवाले सम्मान की घोषणा आज यहाँ चयन समिति के प्रमुख शिक्षाविद् इंद्रबहादुर सिंह ने की। ठेठ इलाहाबादी अंदाज में बनारसी लोगों का दिल जीत लेनेवाले श्री मिश्र फ़िलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र में जिलाधिकारी के रूप में तैनात हैं।

अभियान के संस्थापक अध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने बताया कि मंगलवार 23 जनवरी,शाम 5 बजे उत्तरप्रदेश स्थापना दिन के अवसर पर सांताक्रुज के लायंस क्लब ग्राउंड पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में श्री मिश्र समेत कई चुनिंदा हस्तियों का सम्मान होगा।अभियान के पदाधिकारी रह चुके कर्मठ युवा कार्यकर्ता स्व राजेश मिश्र की स्मृति में दिया जानेवाला वरिष्ठ पत्रकार सम्मान इस वर्ष दोपहर के संपादक रामकिशोर त्रिवेदी सज्जन को दिया जायेगा।सामाजिक सांस्कृतिक संस्था अभियान की ओर से प्रख्यात कवि व भारतीय राजस्व सेवा से जुड़े रहे उदयभान सिंह को उत्तर साहित्य श्री और कहानीकार व कवियित्री सुमन सारस्वत को उत्तर शिक्षाश्री सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।

शून्य से शिखर की यात्रा करनेवाले उद्यमी राजेश प्रजापति को उत्तर उद्योग श्री और प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता व वरिष्ठ पत्रकार जीत सिंह चौहान को उनकी सेवाओं के लिए उत्तर समाजश्री सम्मान प्रदान किया जायेगा। कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए भोजपुरी गायिका पूनम विश्वकर्मा को उत्तर कलाश्री सम्मान दिया जायेगा। इस अवसर पर भोजपुरी की लोकगायिका कल्पना पटवारी का नया रूप देखने को मिलेगा।वे भोजपुरी के शेक्सपीयर समझे जानेवाले भिखारी ठाकुर के लोकगीतों पर 'एक नई कल्पना' कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगी।

गौरतलब हैं कि मुंबई में 30 वर्षों से सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था 'अभियान' द्वारा 'उत्तरप्रदेश स्थापना दिवस' मनाया जाता है, जिसकी राष्ट्र स्तरीय चर्चा सर्वत्र है।इस सालाना जलसे में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में पुरुष, नवयुवक और महिलाओं में उत्सुकता देखी जा रही है । उल्लेखनीय है कि नई पीढी के लोग अपनी लोक कला, लोक संस्कृति और लोकगीतों के प्रति जागरूक हों, इसी मंशा से यह समारोह आयोजित किया जाता है।

देश की कई सामाजिक शैक्षणिक संस्थाओं ने अभियान के कार्यक्रम को अपना समर्थन दिया है। मुंबई के विभिन्न इलाकों के अलावा कल्याण, ठाणे, नई मुंबई आदि जगहों से भी लोगों का समूह इस कार्यक्रम में शामिल होता है। सांताक्रुज (पश्चिम) के मिलन सबवे स्थित लायंस क्लब मैदान में होनेवाले लोक महोत्सव में लोकगायकी के राजकुमार सुरेश शुक्ल, लखनऊ के युवा गायक दीपक त्रिपाठी आदि कलाकार गीत प्रस्तुत करेंगे। यूपी व महाराष्ट्र के कई मंत्री और राजनेता के साथ भोजपुरी और हिंदी फिल्मो की मशहूर हस्तियां समारोह में उपस्थित रहेंगी।

Tags:    

Similar News