Weather Update Today: कई राज्यों में आज मेहरबान रहेगा मानसून,इस बार बंगाल की दुर्गा पूजा में खलल डालेगी बारिश
Weather Today: बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण इस बार पश्चिम बंगाल की दुर्गा पूजा में खलल पड़ने की आशंका पैदा हो गई है।;
Weather Today: देश के कई राज्यों में विदाई के समय भी मानसून की सक्रियता का असर दिख रहा है। देश के कुछ राज्यों में आज भी मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। तेलंगाना, मराठवाड़ा और विदर्भ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। झारखंड में बारिश का दौर एक सप्ताह तक जारी रह सकता है। उत्तर प्रदेश में भी आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण इस बार पश्चिम बंगाल की दुर्गा पूजा में खलल पड़ने की आशंका पैदा हो गई है। पश्चिम बंगाल के मौसम विभाग का कहना है कि दुर्गा पूजा के उत्सव के दौरान चार दिन बारिश होने की आशंका है। दो अक्टूबर को भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
इन राज्यों में आज बिगड़ा रहेगा मौसम
अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज मराठवाड़ा, विदर्भ और उत्तरी तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कुछ हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड,उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, गुजरात, केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, उत्तराखंड,कोंकण व गोवा और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
दुर्गा पूजा के दौरान बारिश की आशंका
मौसम विभाग की ओर से बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिमी हिस्से में एक अक्टूबर को चक्रवातीय परिसंचरण बनने का अनुमान लगाया गया है। इस कारण कोलकाता और पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में दुर्गा पूजा समारोह में खलल पड़ सकता है। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा का त्योहार काफी धूमधाम से मनाया जाता है मगर इस बार दुर्गा पूजा के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।
पश्चिम बंगाल के मौसम विभाग के निदेशक जी के दास का कहना है कि चक्रवातीय परिसंचरण के कारण दुर्गा पूजा के दौरान भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के उत्सव के दौरान चारों दिन बारिश होने की आशंका है। खासकर गांधी जयंती के दिन 2 अक्टूबर को राज्य में भारी बारिश हो सकती है। वैसे पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में आज भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
झारखंड में एक हफ्ते तक जारी रहेगी बारिश
झारखंड में अभी भी मानसून की सक्रियता का खासा असर दिख रहा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में बारिश का यह दौर अगले एक सप्ताह तक जारी रह सकता है। झारखंड में भी दुर्गा पूजा के उत्सव में मौसम खलल डाल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में आज भी बारिश होने की संभावना है। झारखंड के साथ ही बिहार में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। बिहार में बिजली गिरने की घटनाओं में पिछले 24 घंटे के दौरान सात लोगों की मौत हो गई। बिहार में कुछ स्थानों पर आज भी बारिश होने की संभावना है।
यूपी में भी बारिश होने की संभावना
मानसून की विदाई की बेला में भी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक अभी एक हफ्ते तक राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। आज भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश पर मानसून की मेहरबानी दिख सकती है।
कई राज्यों में दिखेगा असर
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर कई राज्यों में दिखेगा।
इनके प्रभाव के कारण आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 30 सितंबर तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी आज भारी बारिश होने की आशंका है। ओडिशा में आज और कल मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। ओडिशा में 1 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की चेतावनी दी गई है। बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।