Aaj Ka Mausam 28 December: कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर, अभी शीतलहर से राहत मिलने के आसार नहीं

Weather Update Today 28 December: पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में आज कोल्ड डे की स्थिति दिख सकती है। कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी होने की आशंका है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-12-28 03:29 GMT

Weather Update (photo: Newstrack )

Weather Update Today 28 December 2022: मौजूदा समय में पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है। इन इलाकों के साथ ही उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के कई अन्य इलाकों में अगले पांच दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में आज कोल्ड डे की स्थिति दिख सकती है। कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी होने की आशंका है। देश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड के कारण बच्चों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

इन इलाकों में गिरेगा तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि आज पंजाब में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। पंजाब से लगने वाले हरियाणा के इलाकों में भी कड़ाके की ठंड रहेगी। हरियाणा के कुछ हिस्सों के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। राजधानी दिल्ली में इन दिनों कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों के दौरान शाम के वक्त बादलों के छाने की संभावना है। हालांकि इस दौरान बारिश की आशंका नहीं है। तेज हवाओं के कारण गलन में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

कड़ाके की ठंड बनेगी मुसीबत

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य राज्यों को अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिन काफी ठंडे रहेंगे। साल के आखिरी दो दिनों में तापमान थोड़ा बढ़ेगा मगर नया साल शुरू होने के बाद शीतलहर की एक बार फिर वापसी होगी।। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में इन दिनों तेज हवाओं के कारण हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 दिसंबर तक ठंड का यही तेवर बना रहेगा मगर उसके बाद थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

बिहार के विभिन्न इलाकों में भी इन दिनों कड़ाके की ठंड और कोहरे ने लोगों के लिए मुश्किल पैदा कर रखी है। ग्रामीण इलाकों के साथ ही शहरी इलाकों में भी घना कोहरा लोगों को परेशान कर रहा है। बिहार की राजधानी पटना में बढ़ती ठंड के कारण बच्चों के स्कूलों में छुट्टी का आदेश दिया गया है। पटना में शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने आठवीं तक के स्कूलों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश दिया है।

कश्मीर में पारा शून्य से नीचे

कश्मीर घाटी में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पर्यटकों के चहेते स्थल पहलगाम में भी इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। एक दिन पहले यहां न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया था। गुलमर्ग में भी ठंड से बुरा हाल है और यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।

इन इलाकों में छा सकता है घना कोहरा

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर की स्थिति दिख सकती है। कोल्ड डे की स्थिति में सुधार होने की संभावना है और इसका असर कुछ इलाकों में ही दिख सकता है। दक्षिण भारत के अधिकांश क्षेत्रों के साथ ही पूर्वोत्तर भारत में आज बारिश का दौर थमा रह सकता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी होने की आशंका है।

Tags:    

Similar News