एनडीए में सीटों की मारामारी शुरू, लोजपा ने ठोका इतनी सीटों पर दावा

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। एनडीए और विपक्षी महागठबंधन में सीटों के लिए मारामारी शुरू हो गई है।

Update: 2020-08-24 06:20 GMT
एनडीए में सीटों की मारामारी शुरू, लोजपा ने ठोका इतनी सीटों पर दावा

अंशुमान तिवारी

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। एनडीए और विपक्षी महागठबंधन में सीटों के लिए मारामारी शुरू हो गई है। दोनों गठबंधनों में शामिल दल ज्यादा से ज्यादा सीटों पर हक जताने की कोशिश में जुट गए हैं। हाल के दिनों में बगावती तेवर दिखाने वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने विधानसभा की 42 सीटों पर दावेदारी ठोक दी है। लोजपा की दावेदारी से एनडीए में शामिल भाजपा और जदयू दोनों दल सतर्क हो गए हैं।

ये भी पढ़ें: CWC की बैठक का ऐन वक्त बदला स्वरूप, अब ये बड़े नेता भी होंगे शामिल

लोजपा का 42 सीटों पर दावा

लोजपा के मुखिया चिराग पासवान पिछले कुछ दिनों से दबाव की राजनीति करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कोरोना संकट व बाढ़ को लेकर हाल के दिनों में नीतीश सरकार पर कई बार हमला बोला है। उनका कहना है कि नीतीश सरकार इन दोनों संकटों को समझाने में नाकाम रही है। अब इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए लोजपा की ओर से राज्य विधानसभा की 243 में से 42 सीटों पर दावेदारी ठोक दी गई है।

नड्डा ने दिया है आश्वासन

लोजपा के प्रवक्ता संजय सिंह ने 42 सीटों पर दावेदारी ठोकते हुए कहा कि हमारे कोटे की सीटों में कमी का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हमें 2015 के चुनाव जितनी सीटें देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष के आश्वासन के बाद हम उतनी सीटों पर चुनाव मैदान में जरूर उतरेंगे।

लोकसभा चुनाव को बनाया आधार

लोजपा प्रवक्ता ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के आधार पर गठबंधन में सीटों के गणित को समझना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान लोजपा और भाजपा का स्ट्राइक रेट सौ फीसदी रहा था‌ जबकि जदयू को एक सीट पर पराजय का मुंह देखना पड़ा था। यदि इस आधार पर सीटों का बंटवारा किया जाए तो भाजपा को 105, जदयू को 96 और लोजपा को 42 सीटें मिलनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: पीली छतरी में कैटरीना: शेयर की हाॅट तस्वीरें, उठा रहीं मानसून का लुत्फ

भाजपा और जदयू दोनों सतर्क

लोजपा की दावेदारी के बाद भाजपा और जदयू दोनों पार्टियां सतर्क हो गई हैं। भाजपा प्रवक्ता संजय टाइगर का कहना है कि चुनावों में सभी पार्टियां अधिक से अधिक सीटों पर लड़ना चाहती हैं।

उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए की स्थिति काफी मजबूत है और एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाले के लिए जीत की गारंटी होती है। इसलिए सीटों के लिए मारामारी मचना स्वाभाविक ही है। ‌उन्होंने कहा कि समय आने पर यह बात तय की जाएगी कि गठबंधन में शामिल दल कितनी- कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

संकट नहीं पैदा होने का दावा

जदयू ने भी भाजपा के सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि एनडीए में सीटों को लेकर किसी प्रकार का विवाद नहीं है। जदयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि चुनाव के समय हर कोई अधिक से अधिक सीटों पर लड़ना चाहता है। लोजपा की दावेदारी से कोई संकट नहीं पैदा होने वाला और हम समय रहते इस समस्या का निराकरण कर लेंगे।

ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति चुनाव से पहले डोनाल्ड ट्रंप को लगा तगड़ा झटका, खतरे में पड़ी कुर्सी

नीतीश पर हमलावर हैं चिराग

लोजपा पिछले कुछ दिनों से दबाव की राजनीति करने में जुटी हुई है। लोजपा के मुखिया चिराग पासवान लगातार नीतीश सरकार पर हमले कर रहे हैं। उनका कहना है कि बिहार में मौजूद बड़े संकटों का समाधान करने में नीतीश सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। हालांकि जदयू की ओर से भी चिराग पासवान को जवाब दिया गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने चिराग को कालिदास की संज्ञा तक दे डाली। उन्होंने कहा कि जिस तरह कालिदास जिस डाल पर बैठे थे उसी को काट रहे थे, आज वही काम चिराग पासवान कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: 100 रुपए होने वाली है पेट्रोल की कीमत! लगातार 5वें दिन बढ़े दाम, ऐसे चेक करें रेट

Tags:    

Similar News