Jharkhand : जमशेदपुर के टाटा स्टील प्लांट में धमाके के बाद लगी भीषण आग, घायलों की हालत नाजुक

जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील प्लांट में धमाके का बाद आग लगने की खबर सामने आ रही है। स्टील प्लांट के एक हिस्से में भीषण आग लगी। जिस हिस्से में आग लगी है, वहां काम नहीं हो रहा था।

Written By :  aman
Published By :  Rakesh Mishra
Update: 2022-05-07 09:33 GMT

जमशेदपुर के टाटा स्टील प्लांट में लगी भीषण आग

Fire In Tata Steel Plant Jamshedpur : Fire In Tata Steel Plant Jamshedpur : झारखंड (Jharkhand) के जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील प्लांट (Tata Steel Plant Jamshedpur) में शनिवार को धमाके के बाद भीषण आग लग गई। यह आग स्टील प्लांट के एक हिस्से में लगी थी। जानकारी के अनुसार, प्लांट के जिस हिस्से में आग लगी है, वहां काम नहीं हो रहा था। इस घटना में तीन मजदूर जख्मी हो गए हैं। घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। सीएम हेमंत सोरेन ने घायलों का हालचाल जाना। आग शनिवार दोपहर 12 बजे के करीब लगी थी।

बता दें कि, झारखंड के जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील प्लांट की गिनती देश के महत्वपूर्ण कारखानों में होती है। आज जैसे ही प्लांट में आग की जानकारी मिली प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने आवश्यक निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने ट्वीट किया। उन्होंने कहा, 'जमशेदपुर में टाटा स्टील प्लांट में ब्लास्ट होने की खबर मिली है। जिला प्रशासन, टाटा स्टील प्रबंधन के साथ सामंजस्य बनाकर घायलों के त्वरित इलाज के लिए कार्रवाई कर रही है।'

घायलों की हालत नाजुक

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में घायल मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की एक टीम घायलों के इलाज में जुटी है। हादसे के बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टाटा स्टील का बयान

इस हादसे के बाद टाटा स्टील प्लांट की तरफ से बयान आया है। जिसमें बताया गया, कि 'आज जमशेदपुर वर्क्स में कोक प्लांट के बैटरी 6 में फाउल गैस लाइन में विस्फोट हुआ। वर्तमान में बैटरी 6 काम नहीं कर रही। इसे हटाने की प्रक्रिया जारी है। धमाके और आग लगने के बाद एंबुलेंस (Ambulances) और दमकल (fire brigade) की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। स्थिति पर काबू पा लिया गया है।

कोक डिवीजन में हुआ जोरदार धमाका 

खबरों के अनुसार, टाटा स्टील प्लांट के कोक डिवीजन (Coke Division) में जोरदार धमाके (Blast) की आवाज आई। जिसके बाद प्लांट (Plant) में आग (Fire) लग गई। धमाके के बाद आग की खबर फैलते ही टाटा स्टील प्लांट में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, प्लांट में आग दोपहर 12 बजे के करीब लगी थी। बताया जाता है, कि कोक प्लांट के बैटरी नंबर 5, 6 और 7 के क्रॉस ओवर (cross over) में अचानक से ब्लास्ट हो गया। यहां गैस रिसाव की भी खबर है।

आग के बारे में पता चलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान तीन लोग घायल हो गए। घायलों को टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की उच्च स्तरीय जांच

घटना की उच्च स्तरीय जांच (High Level Investigation) शुरू हो गई है। एहतियातन सभी कर्मचारियों को प्लांट से बाहर निकाला गया है। प्लांट के आसपास के क्षेत्र को भी खाली कराया गया है। गैस रिसाव रोकने के प्रयास तेज है। प्लांट को एक बार फिर चालू करने की कवायद तेज कर दी गई है।

Tags:    

Similar News