UP Nikay Chunav 2023: महापौर पद के लिए भाजपा ने नये चेहरों पर लगाया दांव, दूसरी लिस्ट पर टिकीं निगाहें

UP Nikay Chunav 2023: भाजपा ने महापौर प्रत्याशियों में किसी सांसद, विधायक या मंत्री के परिवार के सदस्यों को टिकट नहीं दिया गया है। वर्तमान मेयरों के भी टिकट काटे गये हैं। खासकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के इलाहाबाद में नये प्रत्याशियों पर दांव लगाया है।

Update:2023-04-18 23:43 IST
यूपी निकाय चुनाव 2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 17 में 10 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है।

UP Nikay Chunav 2023: यूपी निकाय चुनाव 2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 17 में 10 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी ने ज्यादातर नये चेहरों पर दांव लगाया है। वहीं, महापौर प्रत्याशियों में किसी सांसद, विधायक या मंत्री के परिवार के सदस्यों को टिकट नहीं दिया गया है। वर्तमान मेयरों के भी टिकट काटे गये हैं। खासकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के इलाहाबाद में नये प्रत्याशियों पर दांव लगाया है। भाजपा की दूसरी सूची जल्द ही जारी की जाएगी। इसे लेकर संभावित दावेदारों की धड़कनें तेज हो गई हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने निकाय चुनाव के जरिये आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति स्पष्ट कर दी है। सामान्य कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए पार्टी ने उन्हें टिकट देकर यह बताने की कोशिश की है कि पुराने कार्यकर्ताओं की भी उसे चिंता है। साथ 'बड़े' दावेदारों को भाव न देकर यह बताने की कोशिश की है कि किसी का भी टिकट पक्का नहीं है। टिकट चाहिए तो जनता के बीच जाना ही होगा।

दिग्गज 'बेटिकट'

बात करें प्रदेश की राजधानी लखनऊ की तो यहां राजनीतिक घरानों के दिग्गज चेहरों को टिकट दिये जाने की चर्चा थी, लेकिन मौका मिला 30 साल पुरानी कार्यकर्ता सुषमा खर्कवाल को। प्रयागराज में मंत्री नंदगोपाल नंदी की पत्नी अभिलाषा नंदी का टिकट काटकर वहां के महानगर अध्यत्र उमेश चंद्र गणेश केसरवानी को दे दिया गया। ऐसे में मथुरा-वृंदावन में दिग्गज दावेदारों को किनारे कर महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल पर दांव लगाया गया है। आगरा में पूर्व विधायक हेमलता दिवाकर और झांसी में पूर्व विधायक बिहारी लाल आर्य को प्रत्याशी बनाया गया है।

पीएम-सीएम के गढ़ में नये चेहरों पर दांव

पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी नगर निगम की सीट पर अशोक तिवारी को मेयर का प्रत्याशी बनाया है। अशोक काशी क्षेत्र के दो बार मंत्री रह चुके हैं। सीएम योगी के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव को मेयर कैंडिडेट बनाया गया है जो पेशे से डॉक्टर व समाजसेवी हैं। सहारनपुर में मौजूदा मेयर का टिकट काटकर संघ से जुड़े डॉ. अजय कुमार को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे ही फिरोजाबाद में भी बीजेपी ने मौजूदा मेयर नूतन राठौर का टिकट काटकर कामिनी राठौर पर दांव खेला है।

फोकस जातीय समीकरण पर

भारतीय जनता पार्टी ने महापौर पद की लिस्ट के जरिए समाजिक समीकरण साधने की कोशिश की है। 10 नामों में से तीन वैश्य, दो ब्राह्मण, एक कुर्मी, एक तेली, एक कोरी, एक धोबी और एक कायस्थ कैंडिडेट है। भाजपा ने इस सूची के जरिए साफ संदेश दिया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उसकी रणनीति क्या होगी।

बीजेपी के मेयर कैंडिडेट

लखनऊ- सुषमा खर्कवाल
प्रयागराज- उमेश चंद्र गणेश केसरवानी
वाराणसी- अशोक तिवारी
गोरखपुर- डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव
मुरादाबाद- विनोद अग्रवाल
फिरोजाबाद- कामिनी राठौर
आगरा- हेमलता दिवाकर
सहारनपुर- डॉ. अजय कुमार
मथुरा-वृंदावन- विनोद अग्रवाल
झांसी- बिहारी लाल आर्य

लखनऊ में महापौर प्रत्याशी

भाजपा- सुषमा खर्कवाल
बसपा- शाहीन बानो
सपा- वंदना मिश्रा
कांग्रेस- संगीता जयसवाल

बीजेपी की दूसरी लिस्ट जल्द

यूपी निकाय चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 04 मई को और दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होना है। बीजेपी ने अभी तक 10 सीटों के लिए महापौर प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं लेकिन अभी 07 पर प्रत्याशियों का एलान बाकी है। इनमें कानपुर, मेरठ, बरेली, अयोध्या, शाहजहांपुर और गाजियाबाद सीट है। जल्द ही इन सीटों पर भी प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की जाएगी। इसे लेकर संभावित दावेदारों की धड़कनें तेज हो गई हैं।

यह भी पढ़ें: प्रत्याशियों का खर्च, नामांकन, गाइडलाइन... निकाय चुनाव के बारे में जानें वो सब जो जानना चाहते हैं आप

Tags:    

Similar News