Bulandshahr News: गन्ना किसानों से अवैध वसूली का विरोध करेगी भाकियू सम्पूर्ण भारत: पवन तेवतिया

Bulandahahr News: बुलंदशहर में जिला स्तरीय गन्ना किसानों एवं गन्ना समिति की सामान्य निकाय बैठक गन्ना समिति के अध्यक्ष सुनील यादव की अध्यक्षता में हुई।

Report :  Sandeep Tayal
Update:2024-09-14 12:47 IST

बैठक में उपस्थित लोग (Pic: Newstrack)

Bulandahahr News: यूपी के बुलंदशहर में गन्ना पेराई सत्र प्रारंभ होने से पूर्व जिला गन्ना समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भाकियू सम्पूर्ण भारत के प्रदेश अध्यक्ष पवन तेवतिया ने गन्ना क्रय केंद्रों पर किसान से होने वाली अवैध वसूली का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गत वर्ष गन्ना किसानों से कई क्रय केंद्र संचालकों ने अवैध वसूली की। जिसका उनके पास वीडियो है। लेकिन इस वर्ष किसी भी तरह की अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी। वसूली करने वालों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किए जायेंगे।

गन्ना समिति की हुई बैठक

बुलंदशहर में जिला स्तरीय गन्ना किसानों एवं गन्ना समिति की सामान्य निकाय बैठक गन्ना समिति के अध्यक्ष सुनील यादव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें गन्ना मिलों के उच्च अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में गन्ना किसानों को हो रही समस्याओं को रखते हुए किसानों ने अपने मत रखे तथा क्षेत्र में गन्ना मिल के सेंटरों का चुनाव करने के लिए प्रस्ताव पत्र गन्ना समिति के अध्यक्ष सुनील यादव को दिए।


प्रदेश अध्यक्ष ने लगाए आरोप

कुछ गन्ना मिलों के क्रय केंद्रों पर किसान से अवैध वसूली को प्रमुखता से उठाते हुए भारतीय किसान यूनियन संपूर्ण भारत के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी पवन तेवतिया ने मिल प्रशासन और गन्ना समिति को सचेत करते हुए कहा कि किसानों से खुलेआम प्रति बुग्गी 30 किलो गन्ना अतिरिक्त लिया गया। गत वर्ष के साक्ष्य दिखाते हुए कुछ तौल बाबू को खुलेआम 2 से 3% की घट तोली कर किसानों को ठगे जाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जर्जर वाहनों से गन्ना ढुलाई कराई जाती है, जिस कारण रास्ते में ट्रकों के पलट जाने पर किसानों से ही क्षति पूर्ति के रूप में गन्ना की वसूली की जाती है।

क्रय केंद्रों की स्थापना के लिए दिए गए प्रस्ताव

उन्होंने दो टूक कहा कि गन्ना किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में गन्ना मिल के अधिकारियों और डीसीओ ने अवैध वसूली की प्रमाण सहित शिकायत मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अन्य किसान संगठन के पदाधिकारियों ने भी भारतीय किसान संपूर्ण भारत की किसान हित की मुहिम का समर्थन किया। सुनील यादव ने बताया कि जनपद और पड़ोसी जनपद की कुल 8 गन्ना मिलो के सेंटर्स जनपद भर में लगते है, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता की गई और क्रय केंद्रों की स्थापना को लेकर प्रस्ताव लिए गए। समिति किसान हित के लिए कार्य करेगी। 

Tags:    

Similar News