Etah News: तिरंगा यात्रा में शामिल हुआ चंदन गुप्ता हत्याकांड का अभियुक्त! मां के छलके आंसू

Etah News: कासगंज में वर्ष 2018 में तिरंगा यात्रा में चंदन गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पांच साल बाद निकली तिरंगा यात्रा के दौरान शामिल लोगों ने प्रतिमा की तरफ देखा तक नहीं।

Update: 2023-08-15 17:23 GMT
Tiranga rally taken out on 77th Independence Day in Etah

Etah News: 26 जनवरी 2018 को कासगंज में तिरंगा रैली के दौरान हुए बवाल में चंदन गुप्ता की हत्या के बाद पांच साल बाद आज पुनः शहर में तिरंगा रैली निकाली गई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी और पूर्व विधायक ममतेश शाक्य के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा आयोजित हुई।

पांच साल पहले यात्रा के दौरान हुआ था दो समुदायों में विवाद

विदित हो कि 26 जनवरी 2018 को कासगंज में निकली तिरंगा रैली के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था। इस विवाद ने दंगे का रुप धारण कर लिया था, जिसमें चंदन गुप्ता की गोली लगने से मौत हो गई थी। मौत के बाद एक सप्ताह तक कासगंज जलता रहा है, कई जगह आगजनी हुई थी। उसके बाद प्रशासन ने तिरंगा रैली निकालने पर प्रतिबंध लगा दिया था।

चंदन गुप्ता की प्रतिमा से फेरा गया मुंह

पांच साल बाद 15 अगस्त को पुनः स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर तिरंगा बाइक रैली शहर में निकाली गई। तिरंगा बाइक रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक ममतेश शाक्य सहित युवा मोर्चा के सैकड़ों की संख्या में भाजपा नेता कार्यकर्ता शामिल रहे। रैली में युवाओं का उत्साह और जोश देखने लायक था। तिरंगा बाइक रैली शहर के सभी चौराहों से निकाली गई, लेकिन नदरई गेट पर लगी शहीद चंदन गुप्ता की मूर्ति किसी को दिखाई नहीं दी। सभी ने चंदन गुप्ता को अनदेखा कर दिया। इस बात की राष्ट्र को समर्पित कर बेटे को खो चुके चंदन के मां बाप ने कड़ी निंदा की और भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

हत्याकांड का आरोपित था भाजपा की रैली में शामिल!

चंदन गुप्ता की माता ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा में ही 26 जनवरी 2018 को बेकसूर चंदन गुप्ता की दंगाइयों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिस कारण एक माह तक कासगंज शहर आगजनी, तोड़फोड़ व दंगे की आग में जलता रहा था। उन्होंने कहा कि चंदन हत्याकांड में शामिल एक अभियुक्त आसिफ आज भाजपा युवा मोर्चा की इस बाइक रैली में शामिल था। लेकिन प्रशासन, सत्ता पक्ष की रैली होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। आसिफ का इस रैली में शामिल होना काफी गंभीर और चिंता का विषय है। जिसे प्रशासन द्वारा संज्ञान में लेने की आवश्यकता थी, किंतु प्रशासन ने इतनी बड़ी चूक फिर दोहराई। चंदन की मां ने कहा कि आज की इस बाइक रैली यात्रा निकालने की परमीशन किसने दी, कोई बताने को तैयार नहीं है।

प्रशासन ने दी ये जानकारी

शहर में निकली तिरंगा यात्रा के बारे में कासगंज सदर उप जिलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि आज की यात्रा की कई परमीशनें दी गई थीं, मुझे ऐसे पता नहीं कि भाजपा की बाइक यात्रा की परमीशन ली गई कि नहीं। हम कल कार्यालय से चैक करके बता देंगे।

Tags:    

Similar News