Sonbhadra News: डीएम ने कनहर बांध में जलभराव की जानी स्थिति, हालात को लेकर अलर्ट

Duddhi (Sonbhadra): डीएम ने कनहर बांध में जलभराव की जानी स्थिति, हालात को लेकर अलर्ट रहने और विस्थापितों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश, यूपी-झारखंड दोनों के लिए महत्वपूर्ण है यह परियोजना

Update: 2023-08-05 16:22 GMT
जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने कनहर बांध में जलभराव की जानी स्थिति: Photo- Newstrack

Duddhi (Sonbhadra): दुद्धी (सोनभद्र)। कनहर सिंचाई परियोजना बन जाने से जहां यूपी के 108 गांवों में सिंचाई की समस्या समाप्त हो जाएगी। वहीं भीषण गर्मी में पेयजल के लिए भी यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। इसको देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने शनिवार को दुद्धी तहसील क्षेत्र के अमवार स्थित कनहर बांध का निरीक्षण किया। बांध में जलभराव और इसको लेकर आस-पास में जारी अलर्ट की स्थिति जानी। विस्थापितों से जुड़े मसले का भी शीघ्र निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया। साथ ही नहरों के निर्माण में भी तेजी लाने की हिदायत दी।

दोपहर बाद कनहर बांध पर पहुंचे डीएम ने बांध में जलभराव और इसके 12 फाटक खोलकर छोड़े जा रहे पानी का जायजा लिया। साथ ही, इस जलभराव की चपेट में कोई व्यक्ति न आने पाए, इसके लिए मातहतों को डूब एरिया में लगातार सर्च अभियान बनाए रखने, और विस्थापितों से जुडी समस्याओं के प्रभावी निस्तारण का निर्देश दिया। उपजिलाधिकारी सुरेश राय के साथ अमवार पहुंचे जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विनोद कुमार से भी जरूरी जानकारी ली। उनको साथ लेकर निर्माणाधीन बाई राकफिल पर पहुंचे।

सुरक्षा कर्मियों की आवश्यकता है

कार्य की प्रगति और गुणवत्ता के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद, मुख्य बांध के ऊपर पहुंचे जहां मौजूद अभियंताओं ने गेट से निकलने वाले पानी के बारे में डीएम को विस्तार से जानकारी दी। डीएम ने यह देखा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में काफी संख्या में लोग घुस कर सेल्फी आदि ले रहे हैं, इस पर उन्होंने रोक लगाने का निर्देश दिया। कहा कि यह काफी खतरनाक है। अधिशासी अभियंता ने सुरक्षा कर्मियों की आवश्यकता जताई जिसको लेकर डीएम ने आवश्यक पहल का भरोसा दिया।

इस दौरान उन्होंने विस्थापितों से जुड़े मसलों की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सहेजा कि वह उनकी परेशानियों-समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्परता बनाए रखें। महिला मुखिया वाले परिवारों को विस्थापन लाभ से वंचित होने के सवाल पर कहा कि शासनादेश के तहत विस्थापन लाभ पैकेज का वितरण किया गया है। इसके अलावा जो भी समस्या सामने आई है। उससे शासन को अवगत करा दिया गया है। कुछ लोग मामले को लेकर अदालत भी गए हैं।

इस मामले में शासन और न्यायालय से जो भी निर्देश मिलेगा, उसका अनुपालन कराया जाएगा। इस मौके पर सहायक अभियंता आशुतोष मिश्रा, रवि श्रीवास्तव, नरसिंह राम सिंह, दिग्विजय सिंह, नन्दलाल यादव, श्रवण कुमार, लेखपाल महेंद्र यादव, पंकज चौबे, सुशील पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News