Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन जंग में बढा खूनखराबा, क्रामातोर्स्क इलाके पर भीषण मिसाइल हमला, बच्चे समेत 4 लोगों की मौत

Russia Ukraine War Update: इस हमले में अब तक 4 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं। जबकि कई गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

Update: 2023-06-28 02:17 GMT
Russia Ukraine War Update (photo: social media )

Russia Ukraine War: आतंरिक कलह से जूझ रहे रूस ने एकबार फिर पड़ोसी यूक्रेन पर मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन के क्रामातोर्स्क इलाके पर रूस ने बड़ा मिसाइल अटैक किया है। जिसमें जानमाल को काफी क्षति पहुंची है। इस हमले में अब तक 4 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं। जबकि कई गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। वैगनर ग्रुप के विद्रोह के शांत होने के बाद रूस ने यूक्रेनी ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए हैं।

भीड़भाड़ वाली जगह को निशाना बना रहा रूस

एक यूक्रेनी अधिकारी के मुताबिक, रूस ने पूर्वी यूक्रेन के क्रामातोर्स्क शहर के एक भीड़भाड़ वाली जगह पर मिसाइल हमला किया है। यह हमला मंगलवार शाम साढ सात बजे के आसपास हुआ। जिस जगह पर हमला हुआ, वहां सिटी सेंटर और रेस्तरां बगैरा हैं, जहां शाम को बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। ऐसे में रूसी सेना पर जानबूझकर ऐसी जगहों को टारगेट करने का आरोप है ताकि यूक्रेनी जनता में अधिक से अधिक पैनिक क्रिएट किया जा सके।

यूक्रेन के गृहमंत्री इहोर क्लीमेंको ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें एक बच्चा समेत चार लोग हताहत हुए हैं। हमले के तुरंत बाद घायलों की मदद के लिए आपात सेवाएं पहुंच गईं। क्लीमेंको ने भी रूस पर जानबूझकर देश के आबादी बहुल इलाकों को निशाने बनाने का आरोप लगाया है। बता दें कि जंग के शुरू होने के समय से ही रूस पर असैन्य आबादी को निशाना बनाने के आरोप लगते रहे हैं। राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन पर युद्ध अपराध जैसी गंभीर आरोप लगाया गया है।

यूक्रेन की मदद जारी रखेगा अमेरिका

करीबन डेढ़ साल से एक महाशक्ति की सेना का आक्रमण झेल रहे यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिका ने फिर से अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। बाइडन प्रशासन ने भीषण जंग के कारण तबाह हो चुके यूक्रेन को एकबार फिर आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। अमेरिकी रक्षा विभाग ने यूक्रेन की रक्षा एवं सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए 500 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त सुरक्षा सहायता पैकेज की घोषणा की है।

बता दें कि रूस-यूक्रेन के बीच जंग बीते साल 24 फरवरी 2020 को शुरू हुआ था। शुरूआत में कई रक्षा जानकार रशियन मिलिट्री की ताकत को देखते हुए कीव के शीघ्र पतन की घोषणा कर चुके थे। लेकिन अमेरिका समेत अन्य रूस विरोधी वेस्टर्न देशों की मदद से यूक्रेन ने कीव को गिरने नहीं दिया। यूक्रेनी सेना की ओर से रूस को तगड़ी टक्कर मिल रही है, जिसका उन्हें अंदाजा नहीं था। यहां तक कि यूक्रेन ने उन कुछ इलाकों को भी छुड़वा लिया, जिस पर जंग की शुरूआत में रूस ने कब्जा कर लिया था। अब तक जंग में कई मौतें हो चुकी हैं। जबकि लाखों यूक्रेनी शरणार्थी बनकर पड़ोसी देशों में रह रहे हैं।

Tags:    

Similar News