Aaj Ka Mausam 16 May 2023: पश्चिमी यूपी और दिल्ली में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, नार्थ ईस्ट में भारी बारिश का अलर्ट

Aaj Ka Mausam 16 May 2023: राजधानी दिल्ली में आज तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

Update: 2023-05-16 08:34 GMT
Aaj Ka Mausam 16 May 2023 (photo: social media )

Aaj Ka Mausam 16 May 2023: देश के कई इलाकों में तल्ख धूप के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है तो कुछ इलाकों में आंधी-पानी का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आज राजधानी दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाके में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। राजधानी दिल्ली में आज तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि नार्थ ईस्ट के कई इलाकों में जोरदार बारिश का माहौल दिखेगा। असम और मेघालय के कई इलाकों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश होने की आशंका है। राजस्थान के कुछ इलाकों में तेज आंधी आने की आशंका है। दूसरी ओर देश के कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू लोगों को बेहाल करेगी। ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और कुछ अन्य इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।

पश्चिमी यूपी समेत इन इलाकों में होगी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज मौसम का मिजाज बदल सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर बारिश या फिर गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में तेज आंधी आने की भी चेतावनी दी गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और इस इलाके में मौसम का यही रुख बना रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश का मौसम सूखा रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश,उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की आशंका है। पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और केरल में कई स्थानों पर आज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

इस बीच मौसम विभाग ने लक्षद्वीप और मालदीव क्षेत्र से सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर में तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी के साथ-साथ तमिलनाडु तट और कोमोरिन क्षेत्र में भी तेज हवा चलने की आशंका है। मौसम के तेवर को देखते हुए आईएमडी की ओर से मछुआरों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

दिल्ली में आंधी के साथ बूंदाबांदी की संभावना

देश के कई राज्यों में चक्रवाती तूफान मोचा का असर दिख रहा है। इसके परिणामस्वरूप पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है तो बिहार, झारखंड और राजधानी दिल्ली तक का मौसम बदल गया है। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में आंधी के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

झारखंड में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है मगर मौसम का रुख बदलता हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी रांची और गुमला समेत राज्य के चार जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ वज्रपात होने की आशंका भी जताई गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत में आज हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बौछारें पड़ने की संभावना है। बिहार में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। केरल, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। आंधी के साथ हल्की बारिश भी होने की संभावना है। ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका है।

Tags:    

Similar News