Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार, 29 तक बरसेंगे बादल, लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत

Weather Update Today 24 June 2023: अभी तक भीषण गर्मी और उमस से परेशान उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि जल्द ही झमाझम बारिश उत्तर भारत को बड़ी राहत देने वाली है।

Update:2023-06-24 09:32 IST
Weather Update Today 24 June 2023 (photo: social media )

Weather Update Today 24 June 2023: मानसून की सक्रियता के कारण देश के कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। इस बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर देते हुए बताया है कि पूरे देश से हीटवेव अब खत्म हो गई है। अभी तक भीषण गर्मी और उमस से परेशान उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि जल्द ही झमाझम बारिश उत्तर भारत को बड़ी राहत देने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी यूपी में मानसून की एंट्री हो जाएगी। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि 29 जून तक लगातार बारिश होने के आसार हैं।

पूर्वी यूपी में सक्रिय होगा मानसून

गर्मी और उमस से बेहाल पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए शुक्रवार का दिन मायूसी भरा रहा क्योंकि कई इलाकों में बादल तो छाए मगर बारिश नहीं हुई। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी तो जरूर हुई मगर झमाझम बारिश की लोगों की उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही मानसूनी हवाओं ने पश्चिमी बिहार के बाद अब पूर्वी उत्तर प्रदेश का रुख कर लिया है। माना जा रहा है कि शनिवार की शाम या रविवार की सुबह तक मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। मानसूनी बारिश से लोगों को काफी हद तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

शुक्रवार को कानपुर, कन्नौज, आगरा और बहराइच समेत कई इलाकों में बारिश होने की खबर है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि प्रदेश में शुक्रवार को सिद्धार्थनगर के रास्ते मानसून की एंट्री हुई है और अगले 48 घंटों में प्रदेश के कुछ और हिस्सों में मानसून सक्रिय हो जाएगा।।

इन इलाकों में झमाझम बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इस कारण अगले दो दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों के दौरान अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

गंगीय पश्चिम बंगाल में 25 जून को और ओडिशा में 26 जून तक भारी बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 25 जून से गरज और बिजली गिरने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 जून तक झमाझम बारिश होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली पंजाब हरियाणा और चंडीगढ़ में 25 से 27 जून तक बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 26 जून तक भारी बारिश होने के संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी मानसून की एंट्री हो गई है और मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी आशंका है।

पूर्वोत्तर भारत, उत्तर प्रदेश और बिहार के तलहटी इलाकों, तटीय कर्नाटक, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान,सौराष्ट्र और कच्छ को छोड़कर बाकी देश में हल्की बारिश संभव है।

Tags:    

Similar News