Priyanka Gandhi News: कैद में प्रियंका गांधी के 42 घंटे, हैरान रह जाएंगे इस फायरब्रांड नेता का ये रूप देखकर

प्रियंका गांधी ने पहले पुलिस हिरासत में रहते हुए वीडियो वायरल करके शासन और पीएम मोदी पर हमला बोला फिर जूम एप के जरिये कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करके उनको नई ऊर्जा से भर दिया।

Report :  Sami Ahmed
Published By :  Divyanshu Rao
Update: 2021-10-05 17:28 GMT

Priyanka Gandhi News। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को पहले हिरासत और अब अस्थाई रूप से बनाई गई जेल में रहते हुए लगभग 42 घंटे हो चुके हैं। लेकिन प्रियंका गांधी के तेवरों में जरा भी कमी नहीं आई है। सीतापुर (Sitapur Priyanka Gandhi) ने इस मामले में इतिहास रच दिया है। जहां से प्रियंका गांधी ने इंदिरा गांधी के बाद इतने लंबे समय तक जेल में रहने का कीर्तिमान स्थापित किया है।

प्रियंका गांधी अपने एक एक पल का सदुपयोग करते हुए जेल के बाहर बैठे अपन समर्थकों से जूम ऐप के जरिये लगातार सम्पर्क में हैं और उनकी हौसला अफजाई कर रही हैं। कांग्रेस की नई पीढ़ी की इस नेता ने अपने तेवरों से पूरे उत्तर प्रदेश में न सिर्फ विपक्ष के तमाम दिग्गज नेताओं को पीछे छोड़ दिया है बल्कि कांग्रेस में भी नये जीवन का संचार कर दिया है।

इस बीच अपुष्ट सूत्रों से ऐसी खबरें मिल रही हैं कि संभवतः कल प्रियंका गांधी को रिहा कर दिया जाए। इस बीच राहुल गांधी के भी कल सीतापुर पहुंचने की चर्चा है जहां से दोनों भाई बहन लखीमपुर खीरी रवाना हो जाएंगे। यदि प्रियंका की कल तक रिहाई हो गई।

प्रियंका गांधी ने पुलिस हिरासत में (Priyanka Gandhi News Police Hirasat Me)

प्रियंका गांधी ने पहले पुलिस हिरासत में रहते हुए वीडियो वायरल करके शासन और पीएम मोदी पर हमला बोला फिर जूम एप के जरिये कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करके उनको नई ऊर्जा से भर दिया। पीएसी लाइन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता जूम एप के जरिये प्रियंका गांधी के संबोधन को बड़े बड़े माइक लगाकर सुन रहे हैं। उनका जोश प्रियंका गांधी को ताकत दे रहा हैं।

सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी की रिहाई आज न होने के पीछे लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम था। शासन को यह आशंका थी कि यदि प्रियंका गांधी को छोड़ा जाता है या लखनऊ भेजा जाता है तो वह लखनऊ में ही कहीं धरने पर न बैठ जाएं। पीएम का लखनऊ में आज का कार्यक्रम निपटने के बाद अब इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रियंका गांधी को कल रिहा कर दिया जाएगा। इसके बाद वह राहुल गांधी के साथ लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो जाएंगी।

इससे पहले आज दिन में वायरल वीडियो में प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला था। वीडियो में उन्होंने कहा मोदी जी नमस्कार। मैंने सुना है कि आप आज आजादी का उत्सव मनाने लखनऊ आ रहे हैं। मोदी जी क्या आपने लखीमपुर का वीडियो देखा है। आप की सरकार के एक मंत्री के बेटे के द्वारा किसानों को गाड़ी से कुचल दिया गया है। इस वीडियो को देखिए और इस देश को बताइए कि मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया। और इस लड़के को अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। मेरे जैसे विपक्ष के नेताओं को आपने बिना किसी आर्डर के हिरासत में रखा है।

मैं जानना चाहती हूं यह आदमी आजाद क्यों है। आजादी महोत्सव के मंच पर आप बैठे रहेंगे। तो याद करिए मोदी जी, कि आजादी हमें किसानों ने ही दिलाई है। आज भी इस देश की सुरक्षा सीमाओं पर किसानों के बेटे ही करते हैं। किसान महीनों से त्रस्त है। अपनी आवाज उठा रहा है और आप उसको नकार रहे हैं। मोदी जी लखीमपुर आइएगा जिन्होंने आजादी दिलाई जो अन्नदाता है इस देश के, उनकी पीड़ा समझिए सुनिए। इनकी सुरक्षा करना आपका धर्म है। जिस संविधान पर आप ने शपथ ली है उसका धर्म है और आपका कर्तव्य है।

सरकार हठधर्मिता पर उतारू है-पीएल पुनिया

इस बीच वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पीएल पुनिया भी सीतापुर में चल रहे धरना प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे। पीएल पुनिया प्रियंका गांधी से मिलने के लिए पीएसी के गेट पर पहुंचे। जहां पर सीओ सिटी के द्वारा उनको मना किया गया और एसडीएम और सीओ के द्वारा उनसे वार्ता की गई। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पीएल पुनिया ने इस दौरान सरकार पर जमकर निशाना साधा।

प्रियंका, अजय लल्लू सहित 11 को पाबंद किया गया है, पीएसी गेस्ट हाउस को अस्थाई जेल बनाया गया है। उधर प्रियंका की रिहाई की मांग को लेकर दूसरे दिन धरना प्रदर्शन सीतापुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में चलता रहा।

आपको बता दे कि 4 अक्टूबर की सुबह 4.30 बजे प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया था। एसएचओ हरगांव ने मजिस्ट्रेट को भेजी थी 151 की चालानी रिपोर्ट। एसएचओ की रिपोर्ट पर ही मजिस्ट्रेट ने प्रियंका गांधी का रिमांड बनाया। शाम तक लोग यह कयास लगाते रहे कि शायद प्रियंका गांधी को रिहा कर दिया जाए। खबर लिखे जाने तक प्रियंका हिरासत में ही थी। कांग्रेसी नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा है जब तक उनकी रिहाई नहीं होगी तब तक हम लोग ऐसे ही धरने पर बैठे रहेंगे। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित हम सभी कांग्रेसी लोग डरने वाले नहीं।

ड्रोन से हुई निगरानी

पीएसी गेट पर धरना चल रहा था। अंदर प्रियंका गांधी और उनके कई करीबी मौजूद हैं। इस बीच एक ड्रोन उड़ता हुआ पीएसी ग्रांउड पहुंच गया। जिसके बाद यह ड्रोन गेस्ट हाउस के करीब तक पहुंचा। ड्रोन उड़ते देख कर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस उड़ते ड्रोन को किसी ने वीडियो बना कर वायरल कर दिया। पता चला कि यह वीडियो जहां प्रियंका गांधी थी, वहीं से बनाय कर वायरल किया गया था। कांग्रेसी कह रहे हैं कि यह ड्रोन से उनकी निगरानी की जा रही है, जबकि प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से ऐसा किया गया था।


जब कांग्रसियों में मच गया हड़कंप

रात करीब दो बजे के करीब पीएसी गेट पर गद्दा बिछाए कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता सो रहे थे तो कुछ गोलाकार अवस्था में बैठे बातें कर रहे थे। तभी अचानक पीएसी गेट के अंदर गेस्ट हाउस के पास गाड़ियों की लाइट जली। यह देखकर बाहर बैठे कांग्रेसियों में हड़कंप मच गया। उन्हें लगा कि शायद पुलिस प्रशासन गुपचुप तरीके से उनके नेताओं को इन गाड़ियों से कहीं और ले जा रही है। इस पर कांग्रेसी पीएसी का गेट खटखटाने लगे और उसे खोलने के लिए हंगामा करने लगे, लेकिन कुछ देर बाद गाड़ियों की लाइट बुझ गई। जिसके बाद इन लोगों ने राहत की सांस ली।



 


कांग्रेसियों ने गिराई बेरीगेटिंग

42 घंटे उपरांत भी कांग्रेस महासचिव एवं कांग्रेस की फायर ब्रांड नेता प्रियंका गांधी रिहा नहीं हुई हैं। इस बीच रोडवेज चौराहे पर लगाई गई बेरीकेडिंग को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरा दिया है।


कांग्रेस ने पुलिस बेरीगेटिंग गिराई

भीषण गर्मी से परेशान कांग्रेस नेताओं ने बचने के लिए लगवाया पंडाल

भीषण गर्मी से त्रस्त बाहरी जिलों से आए हुए कार्यकर्ताओं की परेशानी देखते हुए कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर शामियाना एवं पंखे की व्यवस्था कराई गई है। साथ ही वहां प्रदर्शन कर रहे हैं कांग्रेसी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के द्वारा खाने पीने की व्यवस्था खुद करते देख जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के लिए जल व खाने की व्यवस्था कराई गई है।

Tags:    

Similar News