Sonbhadra News: दिल्ली में हुई बैठक ने भाजपा के कद्दावरों की बढ़ाई धड़कनें, नए जिलाध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर तेज हुई चर्चा

Sonbhadra News: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह पटेल की दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं की बैठक की खबरों ने जिले के कई कद्दावरों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इसी के साथ नए जिलाध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर भी तेजी से चर्चाएं शुरू हो गई हैं।;

Update:2023-07-29 22:28 IST
भाजपा: Photo- Social Media

Sonbhadra News: सोनभद्र भाजपा की तरफ से यूपी के 45 जिलों में नए जिलाध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर चल रही चर्चाओं और इस बीच, इस मसले पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह पटेल की दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं की बैठक की खबरों ने जिले के कई कद्दावरों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इसी के साथ नए जिलाध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर भी तेजी से चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Also Read

बताते चलें कि भाजपा हाईकमान की तरफ से मिशन 2024 की तैयारियों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्षों के क्रियाकलाप की समीक्षा के साथ ही नए जिलाध्यक्षों की ताजपोशी को लेकर भी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। गत 13 जुलाई को पर्यवेक्षक के रूप में सोनभद्र पहुंची प्रदेश मंत्री मीना चौबे के सामने भाजपा के कई दिग्गजों की तरफ से जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी भी पेश की गई थी। उस दौरान इस बात को लेकर उम्मीद जताई गई थी कि 25 जुलाई के बाद किसी भी वक्त सूबे में नए जिलाध्यक्षों की ताजपोशी के लेकर भाजपा नेतृत्व का निर्णय आ सकता है। यहीं कारण है कि अब जैसे-जैसे एक दिन व्यतीत हो रहा है। वैसे-वैसे पार्टी के कद्दावरों की धड़कनें बढ़ती जा रही हैं। हालांकि अभी इसको लेकर पार्टी स्तर पर मंथन-मंत्रणा की जारी है।

- अंदरखाने हर खेमे से जारी है ताजपोशी को लेकर गुणा-गणितः

बताते हैं कि जिलाध्यक्षी की ताजपोशी को लेकर जहां अंदरखाने गुणा-गणित और खेमबंदी का क्रम जारी है। बताते चलंे कि वर्तमान में अजीत चौबे सोनभद्र के जिलाध्यक्ष हैं। उनके समर्थकों को उम्मीद है कि एक बार फिर से पार्टी नेतृत्व उन पर भरोसा जता सकता है। वहीं, जिस तरह से नगर निकाय चुनाव में भाजपा की पांच नगर पंचायतों में करारी हार हुई है और हाल के दिनों से जिस तरह से अंदरूनी खिंचतान सामने होते आई है, उससे दूसरे खेमे को लोगों को पार्टी के किसी दूसरे कद्दावर की नए जिलाध्यक्ष के रूप में ताजपोशी की उम्मीद है। इस पर पार्टी का आखिरी निर्णय क्या होगा, इसकी जानकारी तो जिलाध्यक्षों के चयन की कवायद फाइनल होने के बाद ही सामने आएगी लेकिन फिलहाल इसको लेकर चर्चाओं-अटकलों का दौर जारी है।

- जिलाध्यक्षी की दौड़ में नौ चेहरों को बताया जा रहा प्रबल दावेदारः

सूत्रों के जरिए जो जानकारियां सामने आ रही हैं, उसके मुताबिक नौ चेहरों को जिलाध्यक्षी की दौड़ में प्रबल दावेदार बताया जा रहा है। इसमें कई नाम ऐसे बताए जा रहे हैं जो जिले के संगठन और जिला इकाई में विभिन्न पदों पर दायित्व निभा चुके हैं और वर्तमान में भी उनकी विभिन्न पदों पर सक्रियता बनी हुई है।

- सत्तापक्ष का मामला होने के कारण हर किसी की टिकी निगाहेंः

सत्तापक्ष से जुड़ा मामला होने के कारण, हर किसी की निगाहें जिलाध्यक्षी की नई ताजपोशी पर टिकी हुई है। 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव तथा 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव भाजपा के लिए यहां ऐतिहासिक कामयाबी दिलाने वाला रहा है लेकिन जिस तरह से नगर निकाय चुनाव में, इतिहास रचने की रणनीति धराशायी हुई है, उसको देखते हुए 2024 के लोेकसभा चुनाव से पहले, जहां पार्टी नेतृत्व, अपनी मजबूती को और पुख्ता करना चाहता है। वहीं, जिलाध्यक्षी की कवायद को लेकर, तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

Tags:    

Similar News