ममता का बड़ा खुलासा: पेगासस जासूसी सॉफ्टवेयर को लेकर बताया ये सच, शुभेंदु पर बोला हमला

Mamta Banerjee: पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने पेगासस मामले में बड़ा खुलासा किया है, ममता बनर्जी ने कहा बंगला को मिला सॉफ्टवेयर खरीदने का प्रस्ताव मिला था।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Divyanshu Rao
Update: 2022-03-16 14:05 GMT

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (social media)

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने पेगासस जासूसी सॉफ्टवेयर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। विधानसभा में आज गृह विभाग के बजट पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मुझे भी पेगासस सॉफ्टवेयर खरीदने का प्रस्ताव मिला था मगर मैंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। उन्होंने कहा कि मुझे लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी की चिंता थी और इसी कारण मैंने पेगासस सॉफ्टवेयर नहीं खरीदा था। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों और आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की सरकार ने इसे खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी।

ममता ने आरोप लगाया कि पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिए ही मेरा फोन टैप किया जा रहा है और इसी कारण मेरे लिए किसी से बात करना भी कठिन हो गया है। मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम के चुनावी रण में खुद को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अधिकारी मुझे धमकी देने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया जाना चाहिए। ममता बनर्जी पहले भी शुभेंदु अधिकारी पर हमला बोलती रही हैं।

पेगासस पर गरमाया था माहौल

पेगासस जासूसी सॉफ्टवेयर को लेकर पिछले दिनों देश में सियासी भूचाल खड़ा हो गया था। ममता इस मुद्दे को लेकर शुरू से ही हमलावर रही हैं और उन्होंने इसकी जांच के लिए आयोग बनाने का भी ऐलान किया था। हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच के लिए ममता के आयोग पर रोक लगा दी थी। ममता बनर्जी केंद्र सरकार पर अपने फोन टैप कराए जाने का आरोप लगाती रही है। अब उन्होंने खुलासा किया है कि उन्हें भी पेगासस सॉफ्टवेयर खरीदने का प्रस्ताव मिला था मगर उन्होंने इसे खारिज कर दिया था।

ममता बनर्जी की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)

शुभेंदु पर धमकी देने का आरोप

ममता बनर्जी ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी पर धमकी देने का बड़ा आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने वाले विधायक कृष्ण कल्याणी ने मुझे बड़ी जानकारी दी थी। कल्याणी का कहना था कि शुभेंदु अधिकारी ने आयकर विभाग से नोटिस जारी कराने की बात कही थी। इससे साफ हो जाता है कि केंद्र सरकार की एजेंसियों और आयकर विभाग को कौन लोग चला रहे हैं। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाए जाने की बात भी कही।

नंदीग्राम में लूट का आरोप

पश्चिम बंगाल में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में ममता को नंदीग्राम सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। ममता ने आरोप लगाया कि नंदीग्राम में वोटों की लूट की गई थी। वोटों की लूट के लिए पुलिसकर्मी मिले हुए थे और उन्होंने पुलिसकर्मियों को कानाफूसी करते हुए भी देखा था। हालांकि उन्होंने यह बात नहीं बताई कि जब पुलिस उनके नियंत्रण में थी तो उसकी मिलीभगत भाजपा प्रत्याशी से कैसे हो सकती थी। दूसरी ओर भाजपा भी पुलिसकर्मियों पर तृणमूल कांग्रेस की मदद करने का आरोप लगाती रही है।

राष्ट्रपति चुनाव में एकजुटता की अपील

ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के एकजुट हुए बिना राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा को नहीं हराया जा सकता। इसलिए इस सच्चाई को विपक्षी दलों को भी समझना होगा। पांचों राज्यों में हाल में हुए विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि भाजपा के लोग काफी खुश दिख रहे हैं मगर इसमें ज्यादा आनंदित होने की बात नहीं है।

ममता जिस समय विधानसभा में चर्चा का जवाब दे रही थीं, उस समय भाजपा विधायकों की ओर से जमकर नारेबाजी की गई। बाद में भाजपा विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर लोकतंत्र का गला घोटने का आरोप भी लगाया।

Tags:    

Similar News