West Bengal Governor: डॉक्टर सीवी आनंद बोस होंगे पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल

West Bengal Governor: डॉ सीवी आनंद बोस को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन में इसकी जानकारी दी गई है।

Written By :  Anant kumar shukla
Update: 2022-11-17 15:19 GMT

Dr CV Ananda Bose appointed as the Governor of West Bengal (Social Media)

West Bengal News: डॉ सीवी आनंद बोस को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन में इसकी जानकारी दी गई है। यह आदेश उनके कार्यभार ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होगा। बता दें कि पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ को देश का उपराष्ट्रपति बनाए जाने के बाद ला गणेशन ने अंतरिम राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभाली थी। 


कौन हैं डॉक्टर सीवी आनंद बोस?

सी वी आनंद बोस एक भारतीय राजनेता और पूर्व सिविल सेवक हैं। वो 1977 बैच के आईएएस अधिकारी थे। डॉ बोस प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू फैलोशिप के प्राप्तकर्ता हैं। वह लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन मसूरी के पहले फेलो भी हैं, जो देश के शीर्ष सिविल सेवकों को प्रशिक्षित करता है।

डॉ बोस ने केरल के मुख्यमंत्री के सचिव और शिक्षा, वन और पर्यावरण, श्रम, सामान्य प्रशासन और राजस्व बोर्ड जैसे विभिन्न मंत्रालयों में प्रधान सचिव के रूप में काम किया है। एक विपुल लेखक और स्तंभकार, डॉ बोस ने उपन्यास, लघु कथाएँ, कविताएँ और निबंध सहित अंग्रेजी, मलयालम और हिंदी में 40 पुस्तकें प्रकाशित की हैं। उनकी कुछ किताबें बेस्ट सेलर भी बनी।

डॉ बोस विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए 29 अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय पुरस्कारों के प्राप्तकर्ता रहे हैं। आवास के क्षेत्र में उनके अग्रणी प्रयासों की मान्यता में यूनाइटेड नेशन ने उनकी पहल को चार बार 'ग्लोबल बेस्ट प्रैक्टिस' के रूप में चुना। भारत सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय (विशेष) आवास पुरस्कार से सम्मानित किया था। डॉ बोस ने अपने विश्वविद्यालय के दिनों में 15 स्वर्ण पदक सहित 100 से अधिक पुरस्कार जीते हैं। वे लगातार तीन वर्षों तक केरल विश्वविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ वक्ता रहे और आईएएस प्रशिक्षण अकादमी, मसूरी में वाद-विवाद में अव्वल रहे थे।

Tags:    

Similar News