Mamata Banerjee: ममता का भाजपा पर बड़ा हमला, बोलीं-पश्चिम बंगाल के खिलाफ साजिश रचने वाले नहीं होंगे कामयाब

Mamata Banerjee: सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला बोलते हुये कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को बदनाम करने के लिए साजिश रची जा रही है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-11-14 12:21 GMT

सीएम ममता बनर्जी (Pic: Social Media)

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को बदनाम करने के लिए साजिश रची जा रही है। पश्चिम बंगाल के भाजपा नेताओं की ओर इशारा करते हुए ममता ने कहा कि कुछ लोग बंगाल में बैठकर खा रहे हैं मगर अपने ही राज्य के खिलाफ साजिश रचने में जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग दिल्ली की सरकार से कह रहे हैं कि पश्चिम बंगाल सरकार को आर्थिक मदद न दी जाए। ऐसे लोगों को यह बात पता होनी चाहिए कि उनकी साजिशें कभी सफल होने वाली नहीं है। हमारे लिए स्वाभिमान सबसे बड़ी चीज है और हम दिल्ली की हुकूमत को यह स्वाभिमान छीनने नहीं देंगे।

बदनाम करने के लिए दुर्भावनापूर्ण अभियान

ममता और भाजपा के बीच हमेशा से खींचतान रही है मगर हाल के दिनों में दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। टीएमसी के कुछ नेताओं के भ्रष्टाचार के मामलों में फंसने के बाद भाजपा ने ममता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। कोलकाता में प्रदर्शन के दौरान भाजपा को जवाब देते हुए ममता ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ एक साजिश के तहत दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दल को बदनाम करना है।

भ्रष्टाचार के मामलों में पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी की ओर इशारा करते हुए ममता ने कहा कि जिन लोगों ने गलतियां की हैं, उन्हें सुधारने का मौका दिया जाना चाहिए। यदि कोई नेता भ्रष्टाचार के मामलों या किसी पर अन्य प्रकार की गड़बड़ी में लिप्त है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए मगर पश्चिम बंगाल के मामले में मीडिया ट्रायल चलाकर तृणमूल कांग्रेस और पश्चिम बंगाल सरकार को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।

यही बैठकर खाने वाले रच रहे साजिश

ममता ने पश्चिम बंगाल के भाजपा नेताओं पर भी इशारों में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में बैठकर खाने वाले लोग इसी राज्य के खिलाफ साजिश रचने में जुटे हुए हैं। वे यहीं बैठकर दिल्ली से पश्चिम बंगाल को पैसा न मिलने की साजिश रचते हैं। उन्हें पश्चिम बंगाल के विकास की कोई फिक्र नहीं है। उन्हें तो बस अपना राजनीतिक मकसद साधना है। ऐसे लोगों को पता होना चाहिए कि पश्चिम बंगाल अपने पैरों पर खड़ा होने में पूरी तरह सक्षम है। हमारे लिए सबसे बड़ी चीज स्वाभिमान है और हम इस स्वाभिमान को दिल्ली की हुकूमत को छीनने नहीं देंगे। हम अपने स्वाभिमान की रक्षा करते हुए पश्चिम बंगाल के विकास की कोशिश में जुटे रहेंगे।

ममता ने कुछ दिनों पूर्व भी पश्चिम बंगाल में सांप्रदायिक दंगों की साजिश की ओर इशारा किया था। उनका कहना था कि पश्चिम बंगाल में सांप्रदायिक दंगे भड़काने के लिए साजिशें हो रही हैं और इस बाबत अफसरों को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने उत्तर बंगाल को अलग करने के लिए सीमा पार से हथियारों की तस्करी का बड़ा आरोप भी लगाया था। ममता और भाजपा में इन दिनों खींचतान बढ़ती जा रही है और माना जा रहा है कि भाजपा को जवाब देने के लिए है ममता ने भी मोर्चा खोल दिया है। 

Tags:    

Similar News