West Bengal: गैर भाजपाई मुख्यमंत्रियों को ममता की चिट्ठी, एकजुटता की अपील, केंद्र सरकार को घेरा

West Bengal: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हाल में हुई हिंसा को लेकर भाजपा ने ममता के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है और ऐसे में ममता है एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ने पर जोर दे रही हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-03-29 08:44 GMT

ममता बनर्जी (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

West Bengal: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी गैर भाजपाई मुख्यमंत्रियों को एकजुट करने की मुहिम में जुट गई हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए कई गैर भाजपाई मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी है।

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हाल में हुई हिंसा को लेकर भाजपा ने ममता के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है और ऐसे में ममता है एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ने पर जोर दे रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों के गलत इस्तेमाल के खिलाफ विपक्ष की एकजुटता जरूरी है।

विपक्षी नेताओं की बैठक की अपील

गैर भाजपाई मुख्यमंत्रियों को लिखी चिट्ठी में ममता ने कहा है कि केंद्र में सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ संघर्ष करने का वक्त आ गया है। विपक्षी दलों के तौर पर हमें असंतोष की आवाज दबाने के खिलाफ संघर्ष करना होगा। हमारी यह संवैधानिक जिम्मेदारी है कि गलत कामों के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ संघर्ष करें।

उन्होंने कहा कि इसके लिए हम सभी को अपनी सुविधा के अनुसार एक स्थान पर बैठक का आयोजन करना चाहिए ताकि केंद्र के खिलाफ संघर्ष की रूपरेखा पर गहराई से चिंतन मनन किया जा सके। इस बैठक में आगे की रणनीति पर भी चर्चा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वक्त की मांग के मुताबिक प्रगतिशील ताकतों को एक साथ आना होगा और दमनकारी नीतियों का एकजुट होकर विरोध करना होगा।

केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

ममता ने आरोप लगाया है कि देश में संस्थागत लोकतंत्र पर भाजपा की ओर से हमला किया जा रहा है। सत्तारूढ़ दल की ओर से उठाया गया यह कदम चिंता का बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय, सीबीआई, आयकर विभाग और सेंट्रल विजिलेंस कमीशन जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। इसके जरिए देशभर में भाजपा अपने सियासी प्रतिद्वंद्वियों को कमजोर बनाने की साजिश में जुटी हुई है। केंद्र सरकार के इस रवैए के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी।

तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों का शासन पूरी तरह खोखला है मगर पार्टी की ओर से इन राज्यों की सुहावनी तस्वीर दिखाई जाती है जबकि विपक्षी राज्यों पर केंद्रीय एजेंसियों के जरिए निशाना साधा जाता है। उन्होंने भाजपा पर न्यायपालिका के एक वर्ग को प्रभावित करने और देश के संघीय ढांचे पर हमला करने का आरोप भी लगाया।

बीरभूम हिंसा को लेकर बढ़ी तनातनी

ममता और भाजपा के बीच इन दिनों जबर्दस्त तनातनी चल रही है। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हुई हिंसा की घटना के बाद भाजपा ने ममता के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इसे लेकर सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में हंगामा और मारपीट तक हुई थी।

इसके बाद विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी समेत भाजपा के 5 विधायकों को निलंबित कर दिया गया। शुभेंदु अधिकारी का कहना है कि बीरभूम हिंसा के संबंध में मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से बयान दे चुकी हैं मगर पश्चिम बंगाल विधानसभा में बोलने से बचने की कोशिश में जुटी हुई हैं।

Tags:    

Similar News