Politics News: TMC के बाद लेफ्ट ने भी कांग्रेस को घेरा, भाजपा से लड़ने में अक्षम बताया, ममता भी उठा चुकी हैं सवाल

West Bengal: श्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद लेफ्ट ने भी कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-01-03 11:05 GMT

West Bengal: तृणमूल कांग्रेस की मुखिया और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद लेफ्ट ने भी कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा है कि कांग्रेस भाजपा से लड़ने में सक्षम नहीं है और वह कभी भाजपा का राजनीतिक विकल्प नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि वामदल ही भाजपा का राजनीतिक विकल्प बनने में सक्षम हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के लगातार पार्टी छोड़ने पर भी सवाल उठाए।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सांसद बिनॉय वश्चिम का भी कहना है कि कांग्रेस लगातार बंटवारे का शिकार होती जा रही है और पार्टी के कमजोर होने का फायदा भाजपा और संघ को ही मिलेगा। दोनों नेताओं ने कोच्चि में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है और वह भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती।

विकल्प नहीं बन सकती कांग्रेस

केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अब यह सच्चाई स्वीकार कर लेनी चाहिए कि कांग्रेस में भाजपा का मुकाबला करने की ताकत नहीं है। वह राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का राजनीतिक विकल्प बनने में सक्षम नहीं दिख रही है।

उन्होंने कहा कि वामपंथी दल ही भाजपा का राजनीतिक विकल्प बन सकते हैं और इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को झुकना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। सच्चाई तो यह है कि कांग्रेस भाजपा को नेताओं की आपूर्ति करने वाला मंच बन कर रह गई है।


लगातार कमजोर हो रही कांग्रेस

भाकपा सांसद वश्चिम ने भी बंटवारे से कांग्रेस के लगातार कमजोर होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ के नेता कांग्रेस की कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। हालांकि उन्होंने कांग्रेस के साथ वामपंथी दलों के कमजोर होने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि वामदलों का कमजोर होना चिंता का बड़ा मुद्दा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को नेहरूवादी सिद्धांत पर कायम रहते हुए संकट से उबरने की कोशिश करनी चाहिए। ऐसा न करने पर पार्टी के भविष्य में और कमजोर होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

ममता ने भी किया था कांग्रेस पर हमला

केरल के मुख्यमंत्री से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी मुखिया भी कांग्रेस के लगातार कमजोर होने का मुद्दा उठाती रही हैं। ममता का भी कहना है कि भाजपा की मजबूती के पीछे कांग्रेस का कमजोर होना बड़ा कारण है। ममता का यह भी मानना है कि कांग्रेस भाजपा का विकल्प बनने में सक्षम नहीं दिखाई दे रही है। इस कारण अन्य दलों को मिलकर एक वैकल्पिक मोर्चा खड़ा करना चाहिए।

उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं और इन चुनावों में भी पंजाब को छोड़कर किसी भी राज्य में कांग्रेस पूरी दमदारी से चुनाव लड़ती नजर नहीं आ रही है। पंजाब में भी कांग्रेस नेताओं के बीच घमासान छिड़ा हुआ है और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अपनी ही पार्टी की सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पूरी तरह विफल साबित हुई थी और उसे एक भी सीट हासिल नहीं हुई थी। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ने पूरी ताकत लगा रखी है मगर राज्य में पार्टी का संगठनात्मक ढांचा बेहद कमजोर होने के कारण पार्टी मजबूत स्थिति में आती नहीं दिख रही है।

Tags:    

Similar News