Health Tips: स्वस्थ रहने के लिए रोजाना 10,000 कदमों की जरूरत नहीं

Health Tips: यहां जानिए 10 हजार कदम के पीछे क्या है वैज्ञानिक सिद्धांत

Update: 2023-05-08 09:06 GMT
Health Tips Pic Credit (Social Media)

Health Tips: ऐसा माना और कहा जाता है कि इंसान को सेहतमंद रहने के लिए रोजाना 10 हजार कदम चलना चाहिए। वेबसाइटों, मैगज़ीनों और अखबारों में छपने वाले सेहत के नुस्खों में आपने भी जरूर ये पढ़ा होगा। लेकिन क्या वाकई में 10 हजार स्टेप्स का फायदा किसी शोध के निष्कर्ष का हिस्सा है? तो जान लीजिए कि 10 हजार कदम चलने के फायदे के पीछे कोई वैज्ञानिक सिद्धांत नहीं है।

मार्केटिंग नौटंकी

स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए एक दिन में 10,000 कदम चलने की अवधारणा विज्ञान में नहीं बल्कि एक मार्केटिंग नौटंकी में निहित है। 1960 के दशक में जापान की एक कंपनी ने शुरुआती पेडोमीटर (कदम गिनने की मशीन) का आविष्कार किया। चूंकि "10,000" अंक को जापानी वर्ण में लिखा जाए तो यह पैदल चलने वाले व्यक्ति की तरह दिखता है। सो उस जापानी कंपनी ने अपने डिवाइस को "10,000 स्टेप मीटर" नाम दे दिया।

कोई आधार नहीं

हार्वर्ड मेडिकल स्कूल और बोस्टन के ब्रिघम एंड वोमेन्स हॉस्पिटल में एक महामारीविद आई-मिन ली कहते हैं कि "यह एक आकर्षक वाक्यांश था।" रोजाना इतने कदम उठाना चुनौतीपूर्ण होता है लेकिन कई लोग ऐसा कर भी सकते हैं। उन्होंने कहा - निश्चित रूप से, यदि आप 10,000 कदम चलते हैं, तो यह एक अच्छा लक्ष्य लगता है। लेकिन वास्तव में इसका कोई आधार नहीं था।” घड़ियाँ और फोन जैसे स्टेप-काउंटिंग डिवाइस पिछले दो दशकों में ही व्यापक रूप से उपयोग में आए हैं। लेकिन वैज्ञानिकों ने कोई अध्ययन नहीं किया कि कितने कदम पैदल चलने से कितना और क्या फायदा होता है।

टाइम है आधार

अमेरिकी स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग के वर्तमान शारीरिक गतिविधि दिशानिर्देश अभी भी समय पर आधारित हैं। समय यानी कितनी अवधि तक शारीरिक गतिविधि की जाए। ये दिशानिर्देश 2018 में अपडेट हुए थे। विशेषज्ञों ने व्यायाम और स्वास्थ्य पर सैकड़ों अध्ययनों की समीक्षा की हुई है। लगभग सभी अध्ययन शारीरिक गतिविधि की सेल्फ-रिपोर्ट पर आधारित थे। इसे एक सटीक उपाय नहीं माना गया है।

क्या है सिफारिश

बहरहाल, विशेषज्ञों ने अलग अलग व्यायाम कैटेगरी की सिफारिश की है जिसमें कदमों की गिनती शामिल नहीं है। इन सिफारिशों में हफ्ते में 150 से 300 मिनट (तेज चलने के बराबर) की मॉडरेट गतिविधि या 75 से 150 मिनट की जोरदार गतिविधि (जैसे कि जॉगिंग) शामिल है।

महामारी विज्ञान के अध्ययनों से संकेत मिलता है कि दस साल तक इतनी शारीरिक गतिविधि करने से आपकी जिंदगी में डेढ़ साल का और जीवन जुड़ जाएगा। कोई कितने स्टेप्स चले और उसका नतीजा क्या होगा, इसे निर्धारित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं।

नई रिसर्च

महामारीविद आई-मिन ली ने 2019 में विशेष रूप से 10,000 कदम चलने के वास्तविक प्रभावों की जांच करने वाले पहले अध्ययनों में से एक को प्रकाशित किया। इसके बाद कई अन्य बड़े अध्ययन भी सामने आये। परिणाम? कुछ मूवमेंट अच्छा है, और अधिक मूवमेंट बेहतर है, लेकिन कुछ बिंदु पर लाभ कम हो जाता है। जीवन प्रत्याशा और हृदय स्वास्थ्य के मामले में सर्वोत्तम लाभ प्राप्त करने के लिए 60 वर्ष से कम उम्र के लोगों को एक दिन में 8,000 से 10,000 कदम चलना चाहिए। 60 से अधिक उम्र के लोग 6,000 और 8,000 स्टेप्स के बीच सबसे अधिक लाभ दिखाते हैं। एक दिन में सात हजार से 9,000 कदम मोटे तौर पर प्रति सप्ताह 150 से 300 मिनट तेज चलने के बराबर है, जो 2018 के दिशानिर्देशों में बताया गया है।

एनर्जी खर्च करना जरूरी

वैज्ञानिक मूल रूप से ऊर्जा व्यय को स्वास्थ्य परिणामों से जोड़ते हैं। 60 मिनट के लिए 3.3 मील प्रति घंटे की गति से चलना और 30 मिनट के लिए छह मील प्रति घंटे की गति से दौड़ना समान मात्रा में ऊर्जा का उपयोग करता है। प्रति कदम, वृद्ध लोग अधिक ऊर्जा खर्च करते हैं।" नतीजतन, समान लाभ प्राप्त करने के लिए उन्हें कम स्टेप्स की आवश्यकता होती है। एक दिन में कुछ हज़ार कदम चलना किसी ऐसे व्यक्ति के लिए विशेष रूप से सार्थक हो सकता है जो शारीरिक रूप से तेज चलने में सक्षम नहीं है। मैसाचुसेट्स एमहर्स्ट विश्वविद्यालय की एक महामारीविद अमांडा पालुच कहती हैं कि जो लोग सबसे कम सक्रिय हैं उन्हें हजारों स्टेप्स पैदल चलने से सबसे अधिक लाभ होगा।

बहरहाल, निष्कर्ष यही प्रतीत होता है कि शारीरिक गतिविधि अत्यावश्यक है, सिर्फ जिंदगी के साल बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण जीवन के लिए भी। ये गतिविधि चलने, दौड़ने या व्यायाम करने में से कुछ भी हो सकती है।

Tags:    

Similar News