Manipur : महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने वाली घटना का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, इसने महिलाओं के साथ की थी सारी हदें पार

Manipur Violence : मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने वाली वायरल वीडियो ने इंसानियत को शर्मसार किया है। इस शर्मनाक घटना के मुख्य आरोपी जिसने हरे रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी और एक महिला को पकड़ रखा था, को आज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ;

Update:2023-07-20 18:16 IST
Manipur : महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने वाली घटना का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, इसने महिलाओं के साथ की थी सारी हदें पार
हुइरेम हेरोदास मेइतेई (Social Media)
  • whatsapp icon
Manipur Violence : मणिपुर में महिलाओं को नग्न घुमाने तथा उनका यौन उत्पीड़न करने वाली भीड़ में शामिल मुख्य अपराधी का पर्दाफाश हो गया है। मणिपुर के पेची अवांग लीकाई के रहने वाले 32 वर्षीय हुइरेम हेरोदास मेइतेई को गुरुवार (20 जुलाई) को मणिपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले से जुड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए एक ऑपरेशन चलाया था, जिसमें हालिया गिरफ़्तारी हुई है।

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड करवाने वाली वीडियो वायरल होने के बाद देश भर में गुस्सा है। इस वीडियो ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। हर कोई केंद्र और राज्य सरकार से अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहा है। सीएम एन बीरेन सिंह ने कानून के दायरे में रहते हुए मृत्युदंड तक दिलाने की बात कही है।
'आने वाले घंटों में होगी और गिरफ़्तारी'

एक समाचार एजेंसी ने मुख्य आरोपी की तस्वीर साझा की। जारी तस्वीरों में गिरफ्तार आरोपी हरे रंग की शर्ट पहने नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में भी इसे साफ-साफ देखा जा सकता है। मणिपुर पुलिस के एक अधिकारी ने इंग्लिश मीडिया एचटी को बताया कि, 'आने वाले घंटों में और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। नाम न छापने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि दर्ज FIR में बलात्कार और हत्या की धाराएं जोड़ी गई हैं।'
FIR में चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस अधिकारी ने बताया, 'एफआईआर के अनुसार हिंसा के मद्देनजर पांच लोगों का परिवार भीड़ से बचते हुए जंगल की तरफ भाग गया था। दरअसल, उनके गांव पर हमला कर लूटपाट की गई थी। अराजक तत्वों ने कई घरों में आग लगा दी थी। बाद में पुलिस ने उन्हें बचाया था।' लेकिन जल्द ही नोंगपोक सेकमाई पुलिस स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर टूबुल के पास हिंसक भीड़ ने उक्त परिवार को घेर लिया। उन लोगों को पुलिस हिरासत से ले गए। 56 वर्षीय एक शख्स की मौके पर ही हत्या कर दी। उसके बाद भीड़ ने 3 महिलाओं पर हमला बोला। उनके कपड़े उतार दिए और उन्हें नग्न कर घुमाया गया। भीड़ ने 21 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार भी किया।
बहन की इज्जत बचाने में मारा गया भाई

एफआईआर के मुताबिक, एक 19 वर्षीय युवक की भी हत्या कर दी गई। उस युवक ने भीड़ को अपनी बहन पर हमला करने से रोकने की कोशिश की थी। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से तीनों महिलाएं भागने में सफल रहीं।

क्या था मामला?

मणिपुर का हालिया वायरल वीडियो 4 मई का बताया जा रहा है। 800-1,000 उपद्रवियों की सशस्त्र भीड़ ने दो कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र कर उनके साथ यौन उत्पीड़न किया। अब यह भयानक वीडियो वायरल हो चुका है। वीडियो से पूरे देश में बड़े पैमाने पर आक्रोश है। यह घटना बी फीनोम गांव में हुई थी। मामले का पहला आरोपी गिरफ्तार हो चुका है।

Tags:    

Similar News