रमेश पोखरियाल 'निशंक' को मिला वातायन लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार

इस मौके पर रमेश पोखरियाल ने वातायन ब्रिटेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विविधता में एकता भारत की पहचान है। हमारी संस्कृति में भाषाओं का विशेष महत्व है।

Update: 2020-11-22 05:41 GMT
रमेश पोखरियाल 'निशंक' को मिला वातायन लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार (Photo by social media)

नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' को एक वर्चुअल समारोह में 'वातायन' लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नेहरू सेंटर, लंदन के निदेशक और प्रसिद्ध लेखक डॉ अमीष त्रिपाठी इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि थे। वातायन की अध्यक्ष, मीरा कौशिक; केंद्रीय हिंदी परिषद, आगरा के उपाध्यक्ष कवि अनिल शर्मा जोशी और वाणी प्रकाशन की कार्यकारी निदेशक, अदिति महेश्वरी भी इस समारोह में उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें:MP में गौ कैबिनेट की पहली बैठक आज, कई बड़े फैसले ले सकती है शिवराज सरकार

विविधता में एकता भारत की पहचान

इस मौके पर रमेश पोखरियाल ने वातायन ब्रिटेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विविधता में एकता भारत की पहचान है। हमारी संस्कृति में भाषाओं का विशेष महत्व है। साहित्य हमारी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, शैक्षणिक विरासत है जो देश को अदृश्य रूप से मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि वातायन सम्मान न केवल उनके लेखन और साहित्य, बल्कि भारतीय मूल्यों और परंपराओं को भी मान्यता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि उनका लेखन उनके अनुभवों, संघर्षों, जीवन मूल्यों और आदर्शों से संबंधित है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि उनके लेखन ने हमेशा गरीबों और शोषितों को अभिव्यक्ति प्रदान की है और उनके सभी गीत भारतीय जीवन मूल्यों, भारतीयता और राष्ट्रीयता के लिए समर्पित हैं।

नई शिक्षा नीति

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना पर आधारित नई शिक्षा नीति -2020 ने भाषा और संस्कृति को केंद्र में रखा है और बच्चों को मातृभाषा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस नीति के माध्यम से युवा अपने करियर में अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने में सक्षम होंगे। शिक्षा मंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि वातायन, मातृभाषा हिंदी के वैश्विक प्रचार और प्रसार के लिए प्रयास कर रहा है।

पोखरियाल को इससे पहले साहित्य और प्रशासन के क्षेत्र में कई पुरस्कार मिले हैं, जिसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा साहित्य गौरव सम्मान, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वारा भारत गौरव सम्मान, दुबई सरकार द्वारा गुड गवर्नेंस अवार्ड, मॉरीशस द्वारा ग्लोबल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पर्सन ऑफ इंडियन ओरिजिन द्वारा उत्कृष्ट उपलब्धि पुरस्कार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में यूक्रेन में सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें:लव जेहाद समेत तमाम मुद्दों पर संघ करेगा मंथन, प्रयागराज में आज से बड़ी बैठक

वातायन इंटरनेशनल

लंदन के वातायन-ब्रिटेन संगठन द्वारा दिए गए वातायन इंटरनेशनल अवार्ड्स, कवियों, लेखकों और कलाकारों को उनके संबंधित क्षेत्रों में उनके अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मानित करते हैं। इससे पहले प्रसून जोशी, जावेद अख्तर जैसी कई नामचीन हस्तियों को उनके साहित्यिक योगदान के लिए वातायन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

रिपोर्ट- नीलमणि लाल

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News