Sitapur News: प्रियंका की लखीमपुर पीड़ितों से मिलने की जिद, सशर्त रिहाई कबूल नहीं

लखीमपुर खरी की घटना को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने किया प्रदर्शन

Report :  Sami Ahmed
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-10-04 16:52 GMT

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (फोटो-न्यूजट्रैक)

Sitapur News: सीतापुर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को हिरासत में लिए हुए पुलिस को 12 घंटे से अधिक का समय हो गया है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता सेकेंड बटालियन पीएसी के गेट पर भारी तादाद में जमा हैं। पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ज़िद पर कायम हैं कि वह पहले लखीमपुर खीरी जाकर मृतक किसान के परिजनों से मिलेंगी, उसके बाद ही लखनऊ जाएंगी। फिलहाल प्रशासन प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को समझाने में लगा हुआ है और सेकेंड बटालियन के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) का जोश भरते दिखाई दे रहे हैं।

लखीमपुर जा रही प्रियंका गांधी व अजय गुप्ता हिरासत में
भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर, आप सांसद संजय सिंह को भी लिया गया हिरासत

इस बीच आगरा से राहुल सिंह की खबर है कि लखीमपुर खीरी जा रहे राजस्थान के तीन विधायकों को आगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान हुई। राजाखेडा के विधायक रोहित बोहरा, दोडवाना के विधायक चेतन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बीच तीसरे विधायक दानिश अबरार की भी गिरफ्तारी हो गई है। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने दी विधायकों को जमानत दे दी है। जमानत मिलने के बाद ये वापस राजस्थान सीमा में लौट गए हैं। लखीमपुर खीरी घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है।


सीतापुर से मिली खबर के मुताबिक केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी व कृषि कानूनों वापस लेने की मांग को लेकर लखीमपुर खीरी में हुए बवाल की आंच सोमवार को सीतापुर भी आ पहुंची। रविवार देर रात से ही जिला हाई एलर्ट पर था, देर रात ही प्रियंका गांधी राजधानी से चकमा देकर लखीमपुर को रवाना हो गईं। जिनकी लोकेशन सिधौली तक तो मिली लेकिन उसके बाद उनकी लोकशन मिलना बंद हो गई। पुलिस की नाक के नीचे से प्रियंका गायब हो गईं।

इधर भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद राजधानी से खैराबाद टोल तक पहुंच गया। जिसको खैराबाद इंस्पेक्टर ने हिरासत में लिया और फिर पुलिस लाइन लाया गया। जहां निजी मुचलके पर उसे रिहा करते हुए थानाध्यक्ष खैराबाद वापस राजधानी छोड़ आए।


इधर खैराबाद टोल प्लाजा से डीएम विशाल भारद्वाज एवं एसपी आरपी सिंह करीब 3 बजे लहरपुर रवाना हुए जहां से वह हरगांव थाना पहुंचे। इधर एक निजी कार से प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ जा रही गाडियों को पुलिस ने ट्रेस कर लिया। सूत्रों की मानें तो किसी का मोबाइल सर्विलांस पर था, जिसके कारण प्रियंका को हरगांव के पास हिरासत में ले लिया गया। जहां उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और तल्ख लहजे में बात करने की तमीज भी इंस्पेक्टर व सीओ को समझा दी जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

सुबह करीब 5 बजे प्रियंका गांधी को शहर के बस अड्डा चौराहे पर स्थित सेकेंड बटालियन पीएसी में नजरबंद कर दिया गया। जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड मुख्य गेट पर लगना शुरू हो गई। कई बार कांग्रेसियों और पुलिस की जमकर कहासुनी भी हुई और महिलाओं ने पुलिस को चूड़ियां भी फेंक कर दीं। कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। कई बार कांग्रसियों ने द्वितीय वाहिनी गेट के सामने सड़क भी जाम कर दी, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों की संख्या में भी इजाफा होता चला गया।

आम आदमी पार्टी संजय सिंह भी हिरासत में लिए गए


लखीमपुर में हुए बवाल में मारे गए किसानों को शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे आम आदमी पार्टी के सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह व सह प्रभारी नदीम अशरफ प्रदेश उपाध्यक्ष सर्वजीत सिंह मक्कड़ को बिसवां पुलिस प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह कस्बा इंचार्ज शशांक पांडे ने कोतवाली क्षेत्र के लहरपुर रोड भारत पैलेस के पास रात्रि करीब ढाई बजे रोक लिया।

जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा तहसीलदार अभिचल सिंह और उन्हें काफी समझाने के बाद भी वे रात भर गाड़ी में बैठे रहे। सुबह काफी मान मनौव्वल के बाद उन्हें भारत पैलेस में ठहराया गया। उन्हें गेस्ट हाउस में रोके जाने की सूचना मिलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं, किसान संगठन के लोगो के मिलने आने सिलसिला चलता रहा।

प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी की गई: अजय कुमार


कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का बयान सामने आया है। जिसमे उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि हत्यारी है सरकार, जुल्मी है सरकार, अन्याय कर रही है। जिस तरह की घटना देश के सामने आई है लोगों का हृदय फट गया है। किसान देश का भगवान है, अगर शांतिपूर्वक किसान प्रदर्शन करना चाहता है तो सरकार को डर किस बात का है। जब प्रियंका गांधी किसानों से मिलने जाना चाहती है तो सरकार को डर किस बात का है। जब प्रियंका गांधी जा रही थीं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, दीपेंद्र हुड्डा के साथ बदसलूकी हुई, प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी हुई। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने कहा कि जब तक परिवार के लोगों से मिल नहीं लेंगी तब तक वापस नहीं जाएंगी, सरकार को झुकना ही पड़ेगा।

मृतक किसानों को दी श्रद्धांजलि

पूरे सूबे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर खीरी में शहीद हुए किसानों को भावभीन श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल और मशाल जलाकर किसानों को मृतक किसानों को श्रद्धांजलि दी। इतना ही नहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सड़क पर कैंडल मार्च निकालने के लिए पुलिस से नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर कैंडिल लेकर पहुंचे और कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद रहे। जिसमें नसीमुद्दीन सिद्दीकी, भूपेंद्र हुड्डा के बेटे कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह सहित तमाम दिग्गज कांग्रेसी मौजूद रहे।

प्रियंका का झाड़ू लगाते वीडियो वायरल


प्रियंका गांधी से मिलने आ रहे कई नेताओं से पुलिस प्रियंका गांधी के आराम करने का बहाना बनाती रही। इसी बीच प्रियंका गांधी ने अपना गेस्ट हाउस में झाड़ू लगाते हुए एक वीडियो वायरल कर दिया। जिसमें वह एक कमरे में खुद ही झाड़ू लगाती दिख रही हैं। दावा किया जा रहा है कि प्रियंका गांधी द्वितीय वाहिनी पीएसी के उसी गेस्ट हाउस के एक रूम में झाड़ू लगा रही हैं, जहां उन्हें हिरासत में रखा गया है। जिन कपड़ों को पहन कर वह लखीमपुर जा रही थीं। राजनैतिक गलियारों में इस वीडियो के कई मायने निकाले जा रहे हैं। वीडियो को दिखाते हुए कांग्रेस नेता पुलिस को दिखाकर प्रियंका से मिलने का दबाव बनाते रहे।

Tags:    

Similar News