Rampur News: पीएम नरेन्द्र मोदी के मन की बात में छाया रामपुर, देश-विदेश में स्क्रीन पर नजर आईं मुस्लिम महिलाएं

Rampur News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 102 वां एपिसोड का प्रसारण हुआ। इसके लिए सरकार की तरफ से रामपुर की नगर विधानसभा का चयन किया गया था।

Update: 2023-06-18 10:36 GMT
बीजेपी विधायक आकाश सक्सेना के साथ मन की बात सुनती मुस्लिम महिलाएं (Pic: Newstrack)

Rampur News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में रामपुर छा गया। देश ही नहीं, बल्कि विदेश में भी रामपुर की मुस्लिम महिलाएं प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की स्क्रीन पर नजर आईं। वहीं, कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विश्व योग दिवस को लेकर सभी को पूरा विश्व एक परिवार का संदेश दिया। रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 102 वां एपिसोड का प्रसारण हुआ। इसके लिए सरकार की तरफ से रामपुर की नगर विधानसभा का चयन किया गया था। जिसका प्रभारी नगर विधायक आकाश सक्सेना, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कुंवर बासित अली को बनाया गया था। पूर्व नियोजित इस कार्यक्रम में सुबह नौ बजे से ही मुस्लिम समुदाय के लोग प्रतिभाग करने के लिए पहुंचने लगे।

कार्यक्रम शुरू होने के समय तक पूरा पंडाल मुस्लिम महिलाओं और पुरूषों से भर गया। इसके बाद मन की बात कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसका सजीव प्रसाण बड़ी स्क्रीन पर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राकृतिक संपदा को सहेजने का संदेश देते हुए कहा कि देशभर में मियावा विधि से पौधे लगाने का चलन बढ़ा है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में इस विधि के जरिए उद्यान विभाग की ओर से बड़ी नर्सरी तैयार की जा रही है। उन्होंने हाल ही में गुजरात में आए बिपरजॉय तूफान के बारे में जानकारी दी। कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को रोकना किसी के बस की बात नहीं है, लेकिन समय रहते बचाव को लेकर इंतजाम तो किए ही जा सकते हैं। सरकार ने गुजरात में ऐसा ही किया।

उन्होंने विश्व योग दिवस की थीम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस बार विश्व योग दिवस की थीम पूरा विश्व एक परिवार है। जिसके जरिए विभिन्न देशों के लोगों को आपस में जोड़ा जा सके। बताया कि इस बार वह विश्व योग दिवस पर यूएन के कार्यक्रम में सम्मिलित होने जा रहे हैं। उन्होंने क्षय रोग और विभिन्न क्षेत्रों में सहरानीय कार्य करने वालों का भी जिक्र किया। इस मौके पर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, फसाहत अली खां शानू, काशिफ खां समेत हजारों की संख्या में मुस्लिम महिलाएं और पुरूष उपस्थित रहे।

सपा नेता आजम खां के सवाल पर शहर विधायक ने ली चुटकी

समाजवादी पार्टी के कददावर नेता आजम खां को लेकर मीडिया कर्मियों ने जब सवाल किया, तो शहर विधायक आकाश सक्सेना ने चुटकी लेते हुए कहा कि आप किस आजम की बात कर रहे हैं। रामपुर में तो बहुत सारे आजम खां हैं। फिर जवाब आया कि मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी वाले आजम खां की, जिस पर उन्होंने कहा कि किताब चोर आजम, चार सौ बीस आजम, जिसकी यूनिवर्सिटी से कुरआन-ए-पाक बरामद हुई, जिसने अपने बेटे के दो-दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाए और लोगों की जमीनों पर कब्जा करने वाले अपराधी आजम खां की बात कर रहे हैं। जबकि, रामपुर में हजारों आजम खां शरीफ हैं। कहा कि अपराधी आजम खां अपने किए गए कर्मों की सजा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब रामपुर में भेदभाव नहीं, बल्कि सबके सहयोग से और सभी के लिए काम होगा। धर्म और जाति के भेद को जनता ने समाप्त कर दिया है।

Tags:    

Similar News